INLD जिलाध्यक्ष का भाई किडनैपिंग, पुलिस पर उठाए सवाल, सैकड़ों समर्थक पहुंचे सचिवालय
पानीपत में INLD जिलाध्यक्ष कुलदीप राठी के भाई जयदीप राठी के लापता होने का मामला गरमाया। किडनैपिंग का आरोप, पुलिस लापरवाही की शिकायत और जांच CIA-3 को सौंपी गई।
INLD जिलाध्यक्ष के भाई की किडनैपिंग का आरोप, 27 दिसंबर से लापता
लापरवाही का आरोप लगाते हुए SHO पर कार्रवाई की मांग
SP ने जांच CIA-3 को सौंपी, जमीनी विवाद से जुड़ा मामला बताया
हरियाणा की राजनीति और कानून व्यवस्था से जुड़ा एक गंभीर मामला पानीपत में सामने आया है। इंडियन नेशनल लोकदल पार्टी के जिला अध्यक्ष कुलदीप राठी के भाई जयदीप राठी के लापता होने के मामले ने तूल पकड़ लिया है। जयदीप राठी के अब तक कोई सुराग नहीं लगने से परिजनों और समर्थकों में भारी आक्रोश है। इसी को लेकर कुलदीप राठी सैकड़ों लोगों के साथ पानीपत के लघु सचिवालय पहुंचे और पुलिस अधीक्षक व उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा।
कुलदीप राठी ने आरोप लगाया कि 27 दिसंबर की रात जयदीप राठी पंजाब के जीरकपुर से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हुए थे। बाद में उनकी कार जीपीएस ट्रैकिंग के जरिए पंजाब से बरामद हुई, लेकिन जयदीप राठी का अब तक कोई पता नहीं चल पाया है। उन्होंने इसे स्पष्ट रूप से किडनैपिंग का मामला बताते हुए कहा कि यदि पुलिस ने समय रहते कार्रवाई की होती, तो यह घटना टल सकती थी।
कुलदीप राठी ने थाना सदर के एसएचओ और सेक्टर 13-17 चौकी इंचार्ज पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि शुरुआत में पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया, जिसके चलते आरोपियों को मौका मिल गया। इसी लापरवाही के चलते उनके भाई का अपहरण हुआ है। उन्होंने दोनों अधिकारियों को तत्काल बर्खास्त करने की मांग की।
कुलदीप राठी ने यह भी आरोप लगाया कि उनके भाई की किडनैपिंग जमीनी विवाद से जुड़ी हुई है और उन्होंने तीन लोगों के नाम लेकर अपहरण का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि यह कोई सामान्य गुमशुदगी नहीं, बल्कि पूर्व नियोजित साजिश है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि आरोपियों की तुरंत गिरफ्तारी की जाए और जयदीप राठी को जल्द से जल्द सुरक्षित बरामद किया जाए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पानीपत पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह ने जांच को सीआईए-3 को सौंप दिया है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं से मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही सच्चाई सामने लाई जाएगी।
इस दौरान जजपा के जिला अध्यक्ष और किसान यूनियन के जिला अध्यक्ष भी कुलदीप राठी के समर्थन में लघु सचिवालय पहुंचे। नेताओं ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच और त्वरित कार्रवाई की मांग की और चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
Akhil Mahajan