AC खराब होने पर होटल मालिक के बेटे की पिटाई, मैरिज फंक्शन में बवाल; CCTV में कैद मारपीट, दोनों पक्षों ने दी शिकायत
पानीपत के सोमाया होटल में शादी समारोह के दौरान AC खराब होने पर विवाद इतना बढ़ा कि होटल मालिक के बेटे के साथ मारपीट हो गई। घटना CCTV में कैद हुई, पुलिस जांच कर रही है।
➤ AC खराब होने पर मैरिज फंक्शन में जमकर हंगामा और मारपीट
➤ होटल मालिक के बेटे पर 15 से 20 लोगों ने किया हमला, CCTV में कैद वारदात
➤ दोनों पक्षों की शिकायत पर पुलिस जांच में जुटी
हरियाणा के पानीपत स्थित सेक्टर-25 के सोमाया होटल में शुक्रवार रात एक मैरिज फंक्शन के दौरान एयर कंडीशनर (AC) में आई तकनीकी खराबी ने बड़ा विवाद खड़ा कर दिया। आरोप है कि AC बंद होने से नाराज कुछ लोगों ने होटल मालिक के बेटे वत्सल सिंगला के साथ मारपीट कर दी। पूरी घटना होटल में लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई है।
जानकारी के अनुसार, होटल में शादी समारोह चल रहा था। हल्दी की रस्म के बाद शाम को मुख्य कार्यक्रम की तैयारियां जारी थीं। इसी दौरान हॉल के AC में तकनीकी खराबी आ गई, जिससे कूलिंग प्रभावित हुई। होटल का तकनीकी स्टाफ खराबी दूर करने में जुटा था, लेकिन कुछ लोग इस बात को लेकर आक्रोशित हो गए और होटल स्टाफ से बहस करने लगे।
आरोप है कि होटल मालिक के बेटे वत्सल सिंगला ने लोगों को शांत कराने और समस्या जल्द ठीक कराने का आश्वासन दिया, लेकिन विवाद बढ़ गया। देखते ही देखते करीब 15 से 20 लोगों ने उन्हें चारों तरफ से घेर लिया और उनके साथ थप्पड़ों, लात-घूंसों से मारपीट की। इस दौरान उनकी टी-शर्ट भी फाड़ दी गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर भी सामने आया है।
बताया गया है कि होटल के सुरक्षा कर्मियों और बाउंसरों ने बीच-बचाव का प्रयास किया, लेकिन भीड़ ने उन्हें भी पीछे धकेल दिया। होटल परिसर में तोड़फोड़ का भी आरोप लगाया गया है। मारपीट में घायल वत्सल सिंगला किसी तरह कर्मचारियों की मदद से एक कमरे में पहुंचे, जहां उन्होंने अंदर से दरवाजा बंद कर अपनी जान बचाई। आरोप है कि हमलावर कुछ देर तक कमरे के बाहर भी हंगामा करते रहे।
वहीं, दूसरे पक्ष ने भी होटल प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। सेक्टर-24 निवासी अनुराग का कहना है कि शादी समारोह के दौरान सुबह से ही AC सही तरीके से काम नहीं कर रहा था। शिकायत करने पर होटल मालिक के बेटे ने कथित रूप से गाली-गलौज की और बाउंसरों से बाहर निकालने तथा हॉल की लाइट बंद करने की धमकी दी। उनका आरोप है कि विरोध करने पर उनके साथ भी मारपीट की गई।
चांदनीबाग थाना पुलिस के अनुसार, डायल-112 पर झगड़े की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची थी। दोनों पक्षों ने लिखित शिकायत दी है। पुलिस CCTV फुटेज, शिकायतों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Akhil Mahajan