पानीपत में 9वीं के स्टूडेंट ने टाई से फांसी लगाई, जानें वजह
पानीपत के कश्यप कॉलोनी में 9वीं के छात्र ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परिवार ने स्कूल स्टाफ पर बेइज्जती का आरोप लगाया, जबकि स्कूल प्रबंधन ने कहा—CCTV से सच्चाई सामने आएगी।
• पानीपत में 9वीं के छात्र ने फांसी लगाकर दी जान, परिवार ने स्कूल स्टाफ पर लगाया बेइज्जती का आरोप
• छात्र ने स्कूल की टाई से फंदा लगाया, कुछ दिन पहले क्लासमेट से हुआ था विवाद
• स्कूल प्रबंधन ने आरोपों को खारिज किया, कहा—CCTV फुटेज से साफ हो जाएगी सच्चाई
शहर की कश्यप कॉलोनी में मंगलवार शाम एक 9वीं के छात्र ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक छात्र की पहचान मयंक के रूप में हुई है। परिजनों ने आरोप लगाया है कि स्कूल के स्टाफ ने सबके सामने बच्चे की बेइज्जती की थी, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान था।
परिवार के मुताबिक, स्कूल में कुछ दिन पहले मयंक की एक क्लासमेट से सीट पर बैठने को लेकर कहासुनी हुई थी। इस घटना के बाद स्कूल स्टाफ ने उसे सभी बच्चों के सामने डांटा और खड़ा किया था। परिजनों ने बताया कि मयंक तब से बहुत चुपचाप रहने लगा था।
मंगलवार दोपहर स्कूल से लौटने के बाद मयंक ट्यूशन गया था। शाम को लौटकर छत पर बने कमरे में गया और स्कूल की टाई से फांसी लगा ली। जब काफी देर तक नीचे नहीं आया तो परिजन ऊपर पहुंचे और उसे फंदे पर लटका देखा। घटना के वक्त मां घर के काम में व्यस्त थीं।
परिवार ने आरोप लगाया कि स्कूल के व्यवहार से बच्चा तनाव में था। वहीं, पार्वती स्कूल की प्रिंसिपल सविता शर्मा ने इन आरोपों को सिरे से खारिज किया। उन्होंने कहा कि मयंक एक होशियार और अनुशासित छात्र था, और स्कूल में किसी भी तरह का विवाद नहीं हुआ था।
प्रिंसिपल ने बताया कि स्कूल में CCTV कैमरे और वॉयस रिकॉर्डिंग सिस्टम मौजूद हैं, जिनकी जांच से सब कुछ स्पष्ट हो जाएगा। उन्होंने कहा कि घटना की जानकारी मिलते ही वे खुद मयंक के घर पहुंचीं और परिवार को सांत्वना दी।
घटना की सूचना मिलते ही पुराना औद्योगिक थाना पुलिस मौके पर पहुंची। शव को सिविल अस्पताल भेजा गया, जहां पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई की जा रही है। थाना प्रभारी देवेंद्र के अनुसार, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Author1