पानीपत में अपाहिज डॉग्स के लिए बना नया आधुनिक शेल्टर, छाया फाउंडेशन ट्रस्ट का सराहनीय प्रयास
पानीपत के ग्राम सौदापुर में छाया फाउंडेशन ट्रस्ट द्वारा अपाहिज और सड़क दुर्घटनाग्रस्त डॉग्स के लिए अत्याधुनिक शेल्टर का उद्घाटन किया गया। समाज सेविका रूबी की पहल की सराहना हुई।
- पानीपत में अपाहिज और दुर्घटनाग्रस्त डॉग्स के लिए नया आधुनिक शेल्टर शुरू
- छाया फाउंडेशन ट्रस्ट की संचालिका रूबी के प्रयासों से साकार हुआ सपना
- पशु प्रेमियों और सामाजिक हस्तियों ने उद्घाटन में की सराहना
पानीपत शहर में लंबे समय से अपाहिज और सड़क दुर्घटनाग्रस्त डॉग्स की सेवा में जुटी प्रमुख समाज सेविका रूबी द्वारा एक और सराहनीय कदम उठाया गया है। छाया फाउंडेशन ट्रस्ट की पुरानी जगह डॉग्स की संख्या और उनकी जरूरतों के हिसाब से छोटी पड़ रही थी। इसके साथ ही आधुनिक सुविधाओं की भी कमी महसूस की जा रही थी।
इन जरूरतों को ध्यान में रखते हुए छाया फाउंडेशन ट्रस्ट की संचालिका रूबी के प्रयासों से अब एक नया और अत्यधिक सुविधाओं से लैस शेल्टर तैयार किया गया है। इस नवनिर्मित शेल्टर का उद्घाटन समारोह संपन्न हुआ, जिसे बड़े ही उत्साह और धूमधाम के साथ मनाया गया।
ग्राम सौदापुर में सड़क दुर्घटनाग्रस्त और अपाहिज कुत्तों के लिए बनाए गए इस शेल्टर होम के उद्घाटन अवसर पर बड़ी संख्या में पशु प्रेमी और गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में ‘बेजुबानों की जान’ संस्था से नीतू राठी, प्रमुख गौ भक्त संत गोपालदास और आम आदमी पार्टी के नेता सुरेंद्र अहलावत सहित कई सामाजिक कार्यकर्ता और पशु प्रेमी शामिल हुए।
अतिथियों ने शेल्टर का निरीक्षण किया और यहां उपलब्ध कराई गई व्यवस्थाओं को देखा। उन्होंने छाया फाउंडेशन ट्रस्ट द्वारा बेजुबान जानवरों की सेवा के लिए किए जा रहे प्रयासों की खुलकर सराहना की और इसे समाज के लिए प्रेरणादायक बताया।
इस अवसर पर ट्रस्ट और संचालिका रूबी ने सभी अतिथियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। सम्मान स्वरूप सभी गणमान्य व्यक्तियों को प्रतीक चिन्ह भेंट किए गए।
पानीपत जिले में घायल और अपाहिज डॉग्स के लिए यह शेल्टर होम अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस बताया जा रहा है। छाया फाउंडेशन ट्रस्ट और रूबी द्वारा लंबे समय से किए जा रहे सेवा कार्यों को उपस्थित पशु प्रेमियों ने अनूठा और अनुकरणीय उदाहरण करार दिया।
Author1