Video: पांगी में बादल फटा, देखते ही देखते मच गई तबाही... उफनते नालों में फंसे. 20 लोगों का रेस्कयू
हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले की पांगी घाटी में बादल फटने से उदीन और हिल्लु नालों में भीषण बाढ़ आ गई। 20 मजदूरों का सुरक्षित रेस्क्यू किया गया, जबकि संपर्क मार्ग और पुलिया को भारी नुकसान पहुंचा है।
➤ पांगी घाटी के उदीन और हिल्लु नालों में बादल फटने से आई भीषण बाढ़
➤ बाढ़ में फंसे 20 मजदूरों को स्थानीय लोगों ने सुरक्षित निकाला
➤ संपर्क मार्ग और अस्थायी पुलिया क्षतिग्रस्त, प्रशासन ने शुरू किया राहत अभियान
चंबा। हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले की पांगी घाटी में सोमवार दोपहर बाद बादल फटने की घटना ने भारी तबाही मचा दी। उदीन नाला और हिल्लु नाला में अचानक आई भीषण बाढ़ से जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया। बाढ़ के कारण उदीन और हिल्लु गांवों को जोड़ने वाला संपर्क मार्ग बंद हो गया, जबकि कई स्थानों पर भारी मात्रा में मलबा सड़क पर जमा हो गया। प्रशासन ने तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू कर दिया है।
20 मजदूर बाढ़ में फंसे, स्थानीय लोगों ने बचाई जान
जानकारी के अनुसार उदीन गांव में VB-G RAM G परियोजना में कार्यरत करीब 20 मजदूर अचानक आई बाढ़ के कारण फंस गए थे। सूचना मिलते ही स्थानीय प्रजामंडल के लोगों ने बिना समय गंवाए राहत अभियान शुरू किया और सभी मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। स्थानीय लोगों की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया।
संपर्क मार्ग और पुलिया को भारी नुकसान
हिल्लु नाले में आई तेज बाढ़ से अस्थायी पुलिया और संपर्क मार्ग को भी भारी नुकसान पहुंचा है। इसके चलते दोनों गांवों के बीच आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई है। कई जगहों पर सड़क पर मलबा जमा होने से यातायात बाधित हो गया।
प्रशासन और PWD की टीमें मौके पर
घटना की सूचना मिलते ही पांगी प्रशासन सक्रिय हो गया। नायब तहसीलदार मौके पर पहुंचकर नुकसान का जायजा ले रहे हैं। वहीं लोक निर्माण विभाग (PWD) की टीम सड़क से मलबा हटाने और क्षतिग्रस्त मार्ग को जल्द बहाल करने के लिए युद्धस्तर पर काम कर रही है।
लोगों से सतर्क रहने की अपील
प्रशासन ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि मौसम सामान्य होने तक नदी-नालों, भूस्खलन संभावित क्षेत्रों और तेज बहाव वाले स्थानों से दूर रहें। किसी भी आपात स्थिति की सूचना तुरंत प्रशासन को देने के लिए भी कहा गया है।
Akhil Mahajan