पंचकूला में दोस्तों की पिटाई से आहत युवक ने वीडियो बनाकर की आत्महत्या
पंचकूला में दोस्तों की पिटाई से आहत युवक ने वीडियो बनाकर सुसाइड कर लिया। युवक ने वॉट्सएप स्टेटस पर लिखा- मेरी मौत के जिम्मेदार मारपीट करने वाले हैं।
-
दोस्तों की पिटाई से आहत युवक ने VIDEO बनाकर सुसाइड किया
-
वॉट्सएप स्टेटस पर लिखा- मारपीट करने वाले जिम्मेदार
-
रायपुर रानी थाना पुलिस ने जांच शुरू की, दोस्तों से पूछताछ जारी
हरियाणा के पंचकूला जिले के रायपुर रानी क्षेत्र में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। दोस्तों की पिटाई से आहत एक युवक ने वीडियो बनाकर सुसाइड कर लिया। युवक ने मौत से पहले कहा कि उसकी मौत के जिम्मेदार वही लोग हैं जिन्होंने उसके साथ मारपीट की थी।
युवक की पहचान सागर सिंगला (24) पुत्र बृजलाल निवासी रायपुर रानी के रूप में हुई है। मृतक की मां मोनिका ने पुलिस को बताया कि सागर अविवाहित था और कभी-कभी अपने माता-पिता के साथ कपड़ों की स्टॉल पर काम करता था। 4 नवंबर को वह नदी के पास घूमने गया था।
सागर ने सुसाइड से पहले एक वीडियो रिकॉर्ड किया जिसमें उसने कहा, “मैं सागर सिंगला, पुत्र बृजलाल हूं। आज मैं फांसी लगाने जा रहा हूं। मेरी मौत के जिम्मेदार वे सभी लोग होंगे जिन्होंने मुझे रायपुर की टांगरी नदी पर मारा था। मैं अब घर जाकर फांसी लगाऊंगा।” इस वीडियो को उसने अपने वॉट्सएप स्टेटस पर लगाया।
वीडियो पोस्ट होने के कुछ मिनटों बाद उसके दोस्त रोहित सैनी ने स्टेटस देखा और तुरंत फोन करके सागर को ऐसा न करने की सलाह दी, लेकिन सागर ने उसकी बात नहीं मानी। इसके बाद वह घर पहुंचा और अपने कमरे में जाकर पंखे से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
परिवार और दोस्तों ने जब घर पहुंचकर दरवाजा तोड़ा, तो सागर फंदे से लटका मिला। पुलिस ने शव को सिविल अस्पताल भेज दिया और पोस्टमॉर्टम करवाने की प्रक्रिया शुरू की।
थाना रायपुर रानी SHO सुखबीर सिंह ने बताया कि मृतक की मां की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। सागर का मोबाइल फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है ताकि यह पता लगाया जा सके कि उसके साथ मारपीट में कौन-कौन शामिल था। पुलिस अब उसके दोस्तों से पूछताछ कर रही है और घटना के वक्त नदी पर मौजूद युवकों की जानकारी जुटा रही है।
घटना के बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है और पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई है।
Author1