वृंदावन दर्शन से लौट रहे हरियाणा के दोस्‍तों की मौत, तीन गंभीर

पलवल के नेशनल हाईवे-19 पर वृंदावन और कोकिलावन शनिदेव के दर्शन कर लौट रहे नोएडा के युवकों की कार डिवाइडर पार कर दूसरी कार से टकरा गई। हादसे में दो युवकों की मौत और तीन गंभीर घायल हो गए।

वृंदावन दर्शन से लौट रहे हरियाणा के दोस्‍तों की मौत,  तीन गंभीर

डिवाइडर पार कर दूसरी लेन में पहुंची कार, आई-10 से हुई भीषण टक्कर
2 युवकों की मौके पर मौत, 3 गंभीर घायल; नोएडा के रहने वाले थे सभी
वृंदावन और कोकिलावन शनिदेव के दर्शन कर लौटते समय हुआ हादसा


पलवल। हरियाणा के पलवल जिले में नेशनल हाईवे-19 पर रविवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी युवक उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्धनगर (नोएडा) के रहने वाले थे और वृंदावन व कोकिलावन शनिदेव के दर्शन कर अपने घर लौट रहे थे। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों ने तुरंत घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

जानकारी के अनुसार, दादरी निवासी 19 वर्षीय हिमांशु शनिवार रात अपने दोस्तों निशांत, शिवम, दूसरे निशांत और लकी के साथ दर्शन के लिए निकला था। रविवार सुबह करीब 6:30 बजे वापसी के दौरान होडल थाना क्षेत्र में उनकी कार अचानक अनियंत्रित हो गई।

डिवाइडर पार कर दूसरी लेन में जा गिरी कार

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तेज रफ्तार कार पहले डिवाइडर से टकराई और फिर उछलकर दिल्ली से आगरा जाने वाली लेन में पहुंच गई। उसी समय सामने से आ रही आई-10 कार से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों गाड़ियों के परखच्चे उड़ गए।

2 युवकों की मौके पर मौत, 3 की हालत गंभीर

हादसे में हिमांशु और निशांत की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि शिवम, दूसरा निशांत और लकी गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की मदद से सभी को पलवल जिला नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने दो युवकों को मृत घोषित कर दिया। तीनों घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर किया गया। फिलहाल उनका इलाज नोएडा के विभिन्न अस्पतालों में चल रहा है।

दूसरी कार में परिवार के साथ जा रहा था चालक

पुलिस के अनुसार दूसरी कार वृंदावन निवासी आकाश पवार चला रहे थे। वह अपनी पत्नी ज्योति और बेटे शिवास के साथ दिल्ली से वृंदावन जा रहे थे। हादसे में उनकी कार भी क्षतिग्रस्त हो गई। उनकी पत्नी को चोटें आई हैं, जबकि अन्य परिजन सुरक्षित बताए गए हैं।

पुलिस ने शुरू की जांच

होडल थाना पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 194 के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है। दोनों मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।