पलवल में बड़े भाई ने छोटे भाई की हत्या

पलवल में बड़े भाई ने छोटे भाई की चाकू और सुए से हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी खुद थाने पहुंचा, पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जांच शुरू कर दी है।

पलवल में बड़े भाई ने छोटे भाई की हत्या

पलवल में बड़े भाई ने छोटे भाई की चाकू-सुए से हत्या
वारदात के बाद बाजार में घूमता रहा आरोपी, खुद थाने पहुंचा
हत्या का कारण स्पष्ट नहीं, पुलिस जांच में जुटी


हरियाणा के पलवल में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां बड़े भाई ने अपने ही छोटे भाई की चाकू और सुए से गोदकर हत्या कर दी। हैरान करने वाली बात यह रही कि वारदात के बाद आरोपी खुद ही थाने पहुंच गया और पुलिस को सूचना दी

जानकारी के अनुसार, आरोपी सुरेश और मृतक विक्रम (19) मूल रूप से जिला पाली, राजस्थान के रहने वाले थे। दोनों पिछले करीब एक साल से पलवल के दरबार कुआं इलाके में किराए के कमरे में रहकर सोने की गलाई का काम कर रहे थे।

बताया जा रहा है कि बुधवार सुबह करीब 4 बजे दोनों भाइयों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर बड़े भाई सुरेश ने चाकू और सुए से ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे विक्रम की मौके पर ही मौत हो गई।

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी सुरेश कुछ देर तक मुख्य बाजार में घूमता रहा। उसने आसपास के लोगों को भी बताया कि उसने अपने भाई की हत्या कर दी है। इसके बाद वह खुद शहर थाना पहुंचा और पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी।

सूचना मिलते ही शहर थाना प्रभारी प्रकाशचंद अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर जिला नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ जारी है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, घटना के बाद आरोपी बिना किसी डर के बाजार में घूमता रहा, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई।

पुलिस के मुताबिक, फिलहाल हत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है। मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है और उनके आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।