पाकिस्तान में टमाटर ₹600 किलो, रसोई से गायब हुई सबसे जरूरी सब्जी
pakistan, tomato, price hike, inflation, afghanistan border, karachi, lahore, economy, food crisis
➤ पाकिस्तान में टमाटर ₹600 किलो पहुंचा, सब्जी बनी लग्जरी आइटम
➤ अफगानिस्तान से तनाव और बारिश-बाढ़ ने बढ़ाई महंगाई की मार
➤ कराची, लाहौर, इस्लामाबाद में टूटी सप्लाई चेन, 5 हजार ट्रक फंसे
पाकिस्तान में टमाटर की कीमतें आसमान छूने लगी हैं। कुछ दिन पहले तक जो टमाटर 50 से 100 पाकिस्तानी रुपए किलो बिक रहा था, अब वही 600 रुपए किलो तक पहुंच गया है। यानी कीमतों में लगभग 400 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। महंगाई की इस मार ने आम पाकिस्तानी परिवारों की रसोई को हिला कर रख दिया है।
कीमतों में बेतहाशा वृद्धि का सबसे बड़ा कारण अफगानिस्तान के साथ बढ़ा तनाव बताया जा रहा है। 11 अक्टूबर से टोर्कहम और चमन बॉर्डर क्रॉसिंग बंद हैं, जिसके चलते दोनों देशों के बीच व्यापार पूरी तरह ठप है। इससे अफगानिस्तान से आने वाले टमाटर के ट्रक सीमा पर फंसे हुए हैं। अनुमान है कि लगभग 5,000 कंटेनर दोनों तरफ अटके पड़े हैं।
कराची, लाहौर और इस्लामाबाद जैसे बड़े शहरों में टमाटर की सप्लाई चेन टूट गई है। सब्जी मंडियों में अब टमाटर मिलना मुश्किल हो गया है और जहां मिल भी रहा है, वहां कीमतें रिटेल में थोक से दोगुनी वसूली जा रही हैं।
लोकल प्रोडक्शन में भी भारी नुकसान हुआ है। खैबर पख्तूनख्वा, बलूचिस्तान और सिंध के इलाकों में हालिया बारिश और बाढ़ से फसलें नष्ट हो गईं। इसके अलावा मौसम में असमानता के कारण टमाटर पकने में भी देरी हुई। उदाहरण के तौर पर, लाहौर की बादामी बाग मंडी में पहले जहां रोज 30 ट्रक टमाटर पहुंचते थे, अब केवल 15 से 20 ट्रक ही आ रहे हैं।
दूसरी ओर, बलूचिस्तान की फसल खत्म हो रही है और ईरान से आयात भी घट गया है, जिससे डिमांड और सप्लाई का अंतर और बढ़ गया है। इस स्थिति का फायदा उठाकर थोक व्यापारियों और रिटेलर्स ने मनमानी तरीके से दाम बढ़ा दिए हैं।
इस्लामाबाद के सब्जी विक्रेता मोहम्मद इमरान ने बताया कि “अफगानिस्तान से सप्लाई पूरी तरह बंद हो गई है, अब हम सिर्फ ईरान, सिंध और क्वेटा से टमाटर मंगवा रहे हैं। पहले रोजाना 80 से 120 ट्रक आते थे, अब संख्या बेहद कम है।”
वहीं G-9 मार्केट के ग्राहक शान मसीह ने कहा, “हम समझ ही नहीं पा रहे क्या करें। टमाटर हर खाने में जरूरी है, अब खाना बनाना भी मुश्किल हो गया है।” एक अन्य शॉपर नुसरत जहां ने बताया कि उन्होंने 400 रुपए किलो में टमाटर खरीदे हैं।
यह पहली बार नहीं है जब पाकिस्तान ऐसी खाद्य महंगाई से जूझ रहा है। जुलाई 2023 में आटा 320 रुपए किलो तक पहुंच गया था, जिससे कराची में 20 किलो का बैग 3,200 रुपए तक बिका था। तब इसे “दुनिया का सबसे महंगा आटा” कहा गया था। इसी तरह चीनी की कीमतें भी 160 रुपए प्रति किलो तक जा पहुंची थीं।
अब टमाटर की यह रिकॉर्ड महंगाई पाकिस्तान में आर्थिक अस्थिरता और कमजोर आयात नीति पर एक और सवाल खड़ा कर रही है।
Author1