OTC दवाएं कब फायदेमंद और कब खतरनाक, जानें पूरी जानकारी

OTC दवाओं का सही उपयोग सुरक्षित है, लेकिन गलत या ज्यादा इस्तेमाल से हार्ट, लिवर और किडनी पर गंभीर असर पड़ सकता है।

OTC दवाएं कब फायदेमंद और कब खतरनाक, जानें पूरी जानकारी

OTC दवाएं तुरंत राहत देती हैं, लेकिन गलत इस्तेमाल खतरनाक
डोज लिमिट और समय का पालन जरूरी, वरना बढ़ सकता है जोखिम
ओवरयूज से हार्ट, लिवर और किडनी पर पड़ सकता है असर


आजकल सिरदर्द, जुकाम, बुखार या पेट दर्द जैसी छोटी-मोटी परेशानियों में लोग सीधे मेडिकल स्टोर से दवा खरीद लेते हैं। इन्हें ओवर द काउंटर (OTC) दवाएं कहा जाता है, जो बिना डॉक्टर की पर्ची के आसानी से मिल जाती हैं। ये दवाएं तुरंत राहत तो देती हैं, लेकिन इनका गलत या ज्यादा इस्तेमाल शरीर के लिए गंभीर खतरा बन सकता है। विशेषज्ञों के अनुसार, सीमित मात्रा और सही स्थिति में इनका उपयोग सुरक्षित है, लेकिन लापरवाही भारी पड़ सकती है।OTC दवाएं आमतौर पर हल्की स्वास्थ्य समस्याओं जैसे सर्दी-जुकाम, बुखार, सिरदर्द, एलर्जी या एसिडिटी के लिए ली जाती हैं। इन दवाओं में पैरासिटामोल, आईबुप्रोफेन, एंटीहिस्टामिन और एंटासिड जैसी दवाएं शामिल होती हैं। हालांकि, हर दवा की एक निश्चित डोज होती है, जिसे पार करना शरीर के लिए नुकसानदायक हो सकता है। दवा के पैकेट पर लिखे निर्देशों का पालन करना बेहद जरूरी है।

‘ब्रिटिश मेडिकल जर्नल’ में प्रकाशित एक अध्ययन के अनुसार, कुछ NSAIDs (दर्द और सूजन की दवाएं) का इस्तेमाल हार्ट अटैक या स्ट्रोक का खतरा 20 से 50% तक बढ़ा सकता है। यह खतरा तब और बढ़ जाता है, जब इन दवाओं को लंबे समय तक या बिना जरूरत के लिया जाए। यही वजह है कि डॉक्टर बिना सलाह बार-बार OTC दवाएं लेने से बचने की सलाह देते हैं।जब लक्षण हल्के हों और आप समस्या को समझ पा रहे हों, जैसे हल्का सिरदर्द, सामान्य बुखार, जुकाम या एसिडिटी। लेकिन यदि लक्षण 7 से 10 दिन तक बने रहें या बढ़ जाएं, तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए। गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों और पहले से लिवर, किडनी या हार्ट की बीमारी से जूझ रहे लोगों को OTC दवा लेने से पहले विशेषज्ञ की सलाह जरूर लेनी चाहिए।

OTC दवाओं का ज्यादा इस्तेमाल शरीर को कई तरह से नुकसान पहुंचा सकता है। इनमें लिवर डैमेज, किडनी पर असर, हार्ट अटैक का खतरा, पेट में अल्सर, एलर्जी रिएक्शन, ब्लड प्रेशर बढ़ना और दवाओं की लत शामिल हैं। कई बार लोग तुरंत राहत के चक्कर में बार-बार दवा लेते हैं, जिससे शरीर पर साइड इफेक्ट्स का खतरा बढ़ जाता है।

डॉक्टरों का कहना है कि OTC दवाएं पूरी तरह सुरक्षित नहीं होतीं, बल्कि “सही तरीके से इस्तेमाल करने पर ही सुरक्षित” होती हैं। इसलिए हर बार दवा लेने से पहले उसकी डोज, समय और जरूरत को समझना जरूरी है। छोटी समस्या को नजरअंदाज करना जितना खतरनाक है, उतना ही बिना सलाह दवा लेना भी नुकसानदेह हो सकता है।