₹15 हजार रिश्वत लेते महिला हेड कांस्टेबल गिरफ्तार, पति-पत्नी का नाम केस से हटाने के लिए मांगे थे ₹40 हजार

नूंह के तावडू सदर थाने में महिला हेड कांस्टेबल प्रियंका 15 हजार रिश्वत लेते गिरफ्तार हुई। पति-पत्नी का नाम केस से हटाने के लिए 40 हजार मांगे थे।

₹15 हजार रिश्वत लेते महिला हेड कांस्टेबल गिरफ्तार, पति-पत्नी का नाम केस से हटाने के लिए मांगे थे ₹40 हजार

केस से पति-पत्नी का नाम हटाने के लिए 40 हजार मांगे, 20 हजार में सौदा तय
5 हजार पहले लिए, बाकी 15 हजार लेते ही ACB ने रंगे हाथ दबोचा
तावडू सदर थाने में कार्रवाई, हेड कांस्टेबल प्रियंका को गुरुग्राम ACB टीम को सौंपा


 नूंह जिले के तावडू सदर थाना में तैनात महिला हेड कांस्टेबल प्रियंका को फरीदाबाद एसीबी की टीम ने 15 हजार रुपये की कथित रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोप है कि गुमशुदगी के एक केस में नामजद पति-पत्नी का नाम मामले से हटाने के एवज में प्रियंका ने 40 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। बातचीत के बाद रकम 20 हजार रुपये में तय हुई। शिकायतकर्ता पहले ही 5 हजार रुपये दे चुकी थी और बाकी 15 हजार रुपये देने थे। तय योजना के तहत जैसे ही महिला शिकायतकर्ता ने बकाया 15 हजार रुपये हेड कांस्टेबल को दिए, एसीबी टीम ने मौके पर दबिश देकर उसे रिश्वत लेते गिरफ्तार कर लिया।

मामला सदर थाना तावडू से जुड़ा है। जानकारी के अनुसार, थाना क्षेत्र में एक युवती की गुमशुदगी का केस दर्ज हुआ था। पुलिस की जांच के दौरान युवती को फरीदाबाद के धोज गांव स्थित एक मकान से बरामद किया गया। इसके बाद मकान मालिक और उसकी पत्नी को भी मामले में नामजद किया गया। इस केस की जांच महिला हेड कांस्टेबल प्रियंका कर रही थी।

केस से नाम हटाने के लिए मांगी गई रकम

आरोप है कि जांचकर्ता प्रियंका ने मकान मालिक और उसकी पत्नी का नाम केस से हटाने के लिए 40 हजार रुपये की रिश्वत मांगी। शिकायतकर्ता महिला और आरोपी के बीच बातचीत के बाद रिश्वत की रकम 20 हजार रुपये में तय हुई। शिकायतकर्ता ने तय रकम में से 5 हजार रुपये पहले ही दे दिए थे, जबकि 15 हजार रुपये बाकी थे।

रिश्वत की मांग से परेशान महिला शिकायतकर्ता ने मामले की जानकारी फरीदाबाद एसीबी टीम को दी। शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने पहले मामले का सत्यापन किया और इसके बाद महिला हेड कांस्टेबल को रिश्वत लेते पकड़ने के लिए पूरी कार्रवाई की योजना तैयार की।

15 हजार रुपये लेते ही ACB ने दबोचा

तय योजना के अनुसार महिला शिकायतकर्ता बकाया 15 हजार रुपये लेकर हेड कांस्टेबल प्रियंका के पास पहुंची। जैसे ही प्रियंका ने रिश्वत की रकम अपने हाथ में ली, एसीबी की टीम ने मौके पर दबिश दे दी। टीम ने हेड कांस्टेबल को 15 हजार रुपये की कथित रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।

बताया जा रहा है कि गिरफ्तारी की कार्रवाई तावडू सदर थाने से ही की गई। कार्रवाई के बाद एसीबी टीम आरोपी महिला पुलिसकर्मी को अपने साथ ले गई।

फरीदाबाद ACB ने की कार्रवाई, गुरुग्राम टीम को सौंपा

फरीदाबाद एसीबी टीम के इंस्पेक्टर बिजेन्द्र ने बताया कि महिला शिकायतकर्ता ने रिश्वत की मांग को लेकर एसीबी से संपर्क किया था। शिकायत के आधार पर कार्रवाई की गई और हेड कांस्टेबल को 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तारी के बाद आरोपी हेड कांस्टेबल प्रियंका को आगामी कार्रवाई के लिए गुरुग्राम एसीबी टीम को सौंप दिया गया है।

अब दूसरे लोगों की भूमिका भी जांच के घेरे में

महिला पुलिसकर्मी के खिलाफ एसीबी की कार्रवाई के बाद पुलिस विभाग में भी हड़कंप मचा हुआ है। अब जांच एजेंसी इस पूरे मामले के अन्य पहलुओं को खंगाल रही है। यह भी जांच की जा रही है कि रिश्वत की मांग और केस से नाम हटाने के मामले में हेड कांस्टेबल प्रियंका के अलावा कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था या नहीं

एसीबी मामले से जुड़े तथ्यों और शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।