पुलिस की सख्ती के बावजूद हरियाणा में ज्वेलर्स की दुकान से 1 करोड़ से ज्यादा की लूट
नूंह के पिनगवां में हथियारबंद बदमाशों ने ज्वेलर्स की दुकान का शटर तोड़कर करोड़ों का माल लूट लिया। सीसीटीवी में कैद वारदात से व्यापारियों में दहशत।
- नूंह के पिनगवां में ज्वेलर्स शॉप में बड़ी चोरी
- हथियारों से लैस बदमाशों ने शटर तोड़कर लूटा करोड़ों का माल
- सीसीटीवी में कैद हुई पूरी वारदात, व्यापारियों में दहशत
पुलिस की सख्ती के बावजूद हरियाणा के नूंह जिले के पिनगवां थाना क्षेत्र के मुख्य बाजार में चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है। हथियारों से लैस बदमाशों ने एक ज्वेलर्स की दुकान का शटर तोड़कर उसमें रखा करोड़ों का सामान लूट लिया। यह पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई।
घटना बीती रात करीब 3 बजे की बताई जा रही है। बदमाशों ने सुनियोजित तरीके से दुकान का शटर तोड़ा और अंदर घुस गए। सुबह जब आसपास के दुकानदारों ने दुकान का शटर टूटा देखा तो उन्होंने तुरंत दुकान मालिक को सूचना दी। इसके बाद पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
दुकान मालिक हरिओम सोनी ने बताया कि वह पिनगवां कस्बे में सराफा कारोबारी हैं। दुकान में सोने-चांदी के गहने और अन्य कीमती सामान रखा हुआ था। शनिवार शाम को वह दुकान को ठीक से बंद कर घर चले गए थे।
हरिओम ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में करीब 6 बदमाश दुकान के अंदर चोरी करते हुए दिखाई दे रहे हैं, जबकि कुछ आरोपी बाहर निगरानी कर रहे थे। बदमाश हथियारों से लैस थे और करीब 1 करोड़ रुपए से अधिक का माल लूटकर फरार हो गए।
पिनगवां थाना से कुछ ही दूरी पर हुई इस बड़ी लूट के बाद व्यापारियों में दहशत का माहौल है। घटना ने रात के समय पुलिस गश्त की पोल भी खोल दी है। व्यस्त बाजार इलाके में हुई इस सनसनीखेज वारदात से व्यापारियों में भय और आक्रोश दोनों है। व्यापारियों ने जल्द से जल्द बदमाशों की गिरफ्तारी की मांग की है।
Akhil Mahajan