रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला: प्रिंसिपल ससुर पर बहू से छेड़छाड़ का आरोप, देवर ने सोशल मीडिया से किया ब्लैकमेल

हरियाणा के नूंह जिले में विवाहिता से छेड़छाड़, मारपीट और सोशल मीडिया पर ब्लैकमेलिंग का मामला सामने आया है। पीड़िता के पिता की शिकायत पर पुलिस ने पति, प्रिंसिपल ससुर और सरपंच सहित पांच लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू की है।

 रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला: प्रिंसिपल ससुर पर बहू से छेड़छाड़ का आरोप, देवर ने सोशल मीडिया से किया ब्लैकमेल

नूंह में विवाहिता से छेड़छाड़ का आरोप, प्रिंसिपल ससुर समेत 5 पर केस दर्ज
देवर पर सोशल मीडिया के जरिए ब्लैकमेल और संबंध बनाने का दबाव डालने का आरोप
महिला थाना पुलिस ने पति, ससुर, सरपंच सहित आरोपियों पर BNS की धाराओं में मामला दर्ज किया


नूंह। हरियाणा के नूंह जिले में एक विवाहिता के साथ छेड़छाड़, मारपीट और सोशल मीडिया के जरिए ब्लैकमेलिंग का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता के पिता की शिकायत पर महिला थाना नूंह पुलिस ने पति, ससुर और परिवार के अन्य सदस्यों समेत पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों में पीड़िता का ससुर गिरीराज, जो पिनगवां के राजकीय कन्या उच्च विद्यालय में प्रिंसिपल बताया जा रहा है, भी शामिल है। पुलिस ने मामले की जांच एएसआई आशा को सौंपी है।

शिकायत के अनुसार, राजस्थान के डीग जिले के बास बुर्जा निवासी व्यक्ति ने बताया कि उन्होंने अपनी बेटी की शादी 20 फरवरी 2022 को पिनगवां निवासी गौरव के साथ की थी। विवाहिता के पिता का आरोप है कि शादी के बाद से ही उसके ससुर गिरीराज की नजर उसकी बेटी पर गलत थी और वह अक्सर उसके साथ अशोभनीय इशारे करता था। लोकलाज के कारण पीड़िता ने लंबे समय तक यह बात किसी को नहीं बताई।

पीड़िता के पिता ने शिकायत में बताया कि 24 जून 2025 की रात, जब उसका पति घर से बाहर था, तब ससुर गिरीराज कथित तौर पर उसके कमरे में घुस गया और उसके साथ जबरदस्ती करने की कोशिश की। महिला के शोर मचाने पर घर के अन्य सदस्य मनोज, ललिता और सागर मौके पर पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने महिला का साथ देने के बजाय उसके साथ मारपीट की और उसे ही दोषी ठहराने लगे।

घटना के बाद विवाहिता ने फोन पर अपने पिता को पूरी जानकारी दी। सूचना मिलने के बाद पिता अपने रिश्तेदारों के साथ पिनगवां पहुंचे, लेकिन आरोप है कि वहां भी आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की। इसके बाद पिता अपनी बेटी को अपने साथ वापस घर ले आए।

शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि देवर सागर ने पीड़िता की स्नैपचैट आईडी का पासवर्ड हासिल कर लिया और उसके सोशल मीडिया अकाउंट से आपत्तिजनक पोस्ट डालकर उसे ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। आरोप है कि उसने महिला पर अवैध संबंध बनाने का दबाव डाला और मना करने पर बदनाम करने की धमकी दी।

पुलिस ने इस मामले में पति गौरव, ससुर गिरीराज, मनोज, सरपंच ललिता और सागर के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि गिरीराज, मनोज और सरपंच ललिता के खिलाफ इसी साल जनवरी में मनरेगा घोटाले को लेकर भी एक मुकदमा दर्ज हो चुका है।