पानी की पाइपलाइन विवाद में खूनी संघर्ष, युवक की मौत
हरियाणा के नूंह जिले के लुहिंगा कलां गांव में पानी की पाइपलाइन तोड़ने के विवाद में हुए झगड़े ने खूनी रूप ले लिया। घायल युवक जाहुल की दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में मौत हो गई। पुलिस ने 14 आरोपियों पर हत्या का मामला दर्ज किया है। पिता की हालत गंभीर है।
➤ नूंह के लुहिंगा कलां गांव में पानी की पाइपलाइन विवाद में युवक की मौत
➤ दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में तोड़ा दम, पिता की हालत गंभीर
➤ पुलिस ने 14 आरोपियों पर हत्या का केस दर्ज किया, सभी फरार
हरियाणा के नूंह जिले के पुन्हाना थाना क्षेत्र के गांव लुहिंगा कलां में पानी की पाइपलाइन तोड़ने को लेकर हुआ झगड़ा अब खूनी संघर्ष में बदल गया है। 25 अक्टूबर को हुए इस विवाद में गंभीर रूप से घायल युवक जाहुल पुत्र लियाकत (38) ने इलाज के दौरान दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में दम तोड़ दिया। मृतक के पिता की हालत भी नाजुक बताई जा रही है, जिनका इलाज नलहड़ मेडिकल कॉलेज में चल रहा है।
पुलिस ने मृतक के चचेरे भाई साबिर पुत्र सुबराती की शिकायत पर तीन दिन बाद 14 लोगों के खिलाफ हत्या सहित गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। फिलहाल सभी आरोपी फरार हैं और पुलिस उनकी तलाश में छापेमारी कर रही है।
झगड़ा कैसे शुरू हुआ:
शिकायतकर्ता साबिर के अनुसार, 25 अक्टूबर की सुबह वह अपने भाई सिराज और पिता सुबराती के साथ खेत में पाइपलाइन से पानी चला रहे थे। इसी दौरान गांव का अरबाज पुत्र असरफ ट्रैक्टर लेकर आया और जानबूझकर पाइपलाइन तोड़ दी। जब उन्होंने विरोध किया तो अरबाज ने धमकी दी और अपने परिवार के अन्य सदस्यों को मौके पर बुला लिया।
कुछ ही देर में गांव के असरफ, आजाद, आफताब, जन्ना, पप्पू, मुश्ताक, मजीद, परवेज, आईसा, नासरा, खतीजा, मुनफीदा और अलसीना वहां पहुंच गए। सभी लाठी, डंडे, फरसा, लोहे की रॉड और हथौड़े लेकर आए थे। आरोप है कि इन लोगों ने साबिर, सिराज, सुबराती और जाहुल पर हमला कर दिया।
जाहुल पर बेरहमी से हमला:
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपियों ने जाहुल को जमीन पर पटक दिया और सिर व चेहरे पर लोहे की रॉड और हथौड़ों से वार किए, जिससे वह बुरी तरह घायल हो गया। शोर मचाने पर ग्रामीण वहां पहुंचे तो आरोपी अधमरे हालत में छोड़कर फरार हो गए। घायलों को पहले माड़ीखेड़ा अस्पताल, फिर गुरुग्राम और अंत में दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर किया गया, जहां जाहुल की मौत हो गई।
गांव में तनाव का माहौल:
युवक की मौत के बाद गांव में तनाव की स्थिति बन गई है। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से सभी आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। मृतक के परिजनों का कहना है कि उन्होंने 26 अक्टूबर को ही पुन्हाना थाना में शिकायत दी थी, लेकिन पुलिस ने तब कोई कार्रवाई नहीं की। अब जब जाहुल की मौत हो गई, तब जाकर एफआईआर दर्ज की गई है।
पुलिस जांच में जुटी:
पुन्हाना पुलिस का कहना है कि हत्या, हमला और आपराधिक षड्यंत्र की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित की गई हैं। जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Author1