दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर खड़ी थी इनोवा, पीछे से आई मौत; 2 की मौके पर मौत, 4 घायल
नूंह में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर खड़ी इनोवा को तेज रफ्तार वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हुए हैं।
➤ दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर खड़ी इनोवा को तेज रफ्तार वाहन ने मारी टक्कर
➤ हादसे में 2 लोगों की मौके पर मौत, 4 गंभीर रूप से घायल
➤ टक्कर मारने वाला वाहन चालक मौके से फरार, पुलिस तलाश में जुटी
हरियाणा के नूंह जिले में दिल्ली-मुंबई-बड़ौदा एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। नगीना थाना क्षेत्र के मरोड़ा कट के पास खड़ी एक इनोवा कार को पीछे से आ रहे तेज रफ्तार वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, इनोवा में सवार छह लोग दिल्ली से अपना काम निपटाकर वापस लौट रहे थे। जैसे ही उनकी गाड़ी मरोड़ा कट के पास रुकी, तभी पीछे से आए एक बड़े वाहन ने कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर की आवाज दूर तक सुनाई दी और आसपास के लोग मौके पर जुट गए।
दो लोगों की मौके पर मौत
हादसे में विपिन (38) निवासी बवाना, दिल्ली और मूसा उर्फ मौसम (35) निवासी तेड, नूंह की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
घायलों में एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। डॉक्टरों की टीम लगातार उनका इलाज कर रही है।
पुलिस ने शुरू की जांच
सूचना मिलने पर नगीना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
विपिन का पोस्टमार्टम माडीखेड़ा अस्पताल में जबकि मूसा उर्फ मौसम का पोस्टमार्टम नल्हड़ मेडिकल कॉलेज में कराया गया।
फरार चालक की तलाश
हादसे के बाद टक्कर मारने वाला वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपी वाहन की पहचान करने में जुटी हुई है।
पुलिस का कहना है कि जल्द ही वाहन और उसके चालक का पता लगाकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Akhil Mahajan