नितिन नबीन ने बुलाई हरियाणा BJP की पहली बैठक
राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने हरियाणा BJP की पहली बैठक बुलाई है। बैठक में CM नायब सैनी, प्रदेश अध्यक्ष बड़ौली शामिल होंगे और दक्षिण हरियाणा के सियासी मुद्दों पर चर्चा होगी।
- नितिन नबीन ने हरियाणा BJP की पहली अहम बैठक बुलाई
- CM सैनी, प्रदेश अध्यक्ष बड़ौली और संगठन मंत्री होंगे शामिल
- दक्षिण हरियाणा के सियासी घमासान और संगठन पर होगी चर्चा
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नबीन ने हरियाणा बीजेपी की पहली महत्वपूर्ण बैठक बुलाई है। यह बैठक नई दिल्ली में आयोजित की जाएगी, जिसमें मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली और संगठन मंत्री फणीन्द्र नाथ शर्मा शामिल होंगे।
इस बैठक में हरियाणा बीजेपी के संगठनात्मक ढांचे को लेकर विस्तार से चर्चा की जाएगी। राष्ट्रीय अध्यक्ष के साथ प्रदेश नेतृत्व पार्टी की मौजूदा स्थिति और भविष्य की रणनीति पर मंथन करेगा।
बैठक में दक्षिण हरियाणा में पार्टी नेताओं के बीच चल रहे सियासी घमासान पर भी चर्चा होगी। इस मुद्दे पर राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन नेताओं से फीडबैक लेंगे और संगठनात्मक दृष्टि से जरूरी दिशा-निर्देश दे सकते हैं।
नई दिल्ली में हरियाणा निवास पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के साथ यह हरियाणा नेताओं की पहली बैठक होगी। उन्होंने कहा कि बैठक को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
प्रदेश अध्यक्ष के सवाल पर बड़ौली ने स्पष्ट किया कि हरियाणा बीजेपी अध्यक्ष को लेकर जल्द फैसला लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस विषय पर निर्णय राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय नेतृत्व द्वारा किया जाएगा। फिलहाल वह कार्यकारी अध्यक्ष के रूप में जिम्मेदारी निभा रहे हैं।
दक्षिण हरियाणा में बीजेपी नेताओं के बीच चल रही बयानबाजी पर बड़ौली ने सख्त रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि भाजपा एक अनुशासित पार्टी है और अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने बताया कि फरीदाबाद लोकसभा सांसद और केंद्रीय मंत्री कृष्णपाल गुर्जर, प्रदेश के मंत्री और पार्षदों से जल्द बातचीत की जाएगी।
इसके साथ ही गुरुग्राम लोकसभा सांसद व केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह, कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह और पूर्व मंत्री अभय यादव को भी बुलाकर चर्चा की जाएगी, ताकि संगठन में एकजुटता बनाए रखी जा सके।
Akhil Mahajan