HEY GUYS, मेरी जिंदगी का कोई मकसद नहीं: NIITमें एक और ने किया सुसाइड का प्रयास, हड़कंप!
एनआईटी कुरुक्षेत्र में एक छात्रा ने आत्महत्या का प्रयास किया, लेकिन सहपाठियों ने समय रहते बचा लिया। वायरल व्हाट्सएप मैसेज की पुष्टि नहीं हुई, पुलिस जांच में जुटी है।
➤ एनआईटी कुरुक्षेत्र में एक और छात्रा ने आत्महत्या का प्रयास
➤ सहपाठियों की सतर्कता से बची जान, अस्पताल में भर्ती
➤ सोशल मीडिया पर वायरल मैसेज, लेकिन आधिकारिक पुष्टि नहीं
हरियाणा के एनआईटी कुरुक्षेत्र में लगातार सामने आ रही घटनाओं के बीच एक और छात्रा द्वारा आत्महत्या का प्रयास करने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि शुक्रवार रात करीब 12 बजे बीटेक प्रथम वर्ष (सीएसई विभाग) की एक छात्रा ने कल्पना छात्रावास से कूदने की कोशिश की, लेकिन मौके पर मौजूद सहपाठियों ने समय रहते उसे बचा लिया।
घटना के तुरंत बाद सूचना पुलिस तक पहुंची। मौके पर पहुंची टीम ने छात्रा को तुरंत एम्बुलेंस के जरिए अस्पताल में भर्ती कराया। फिलहाल छात्रा की हालत स्थिर बताई जा रही है, जबकि इस कदम के पीछे के कारणों का अभी तक स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है।
यह घटना ऐसे समय में हुई है जब इससे एक दिन पहले ही बीटेक द्वितीय वर्ष की छात्रा दीक्षा दुबे की मौत से पूरा कैंपस स्तब्ध था। लगातार सामने आ रही घटनाओं ने छात्रों और अभिभावकों की चिंता को और बढ़ा दिया है।
प्रत्यक्षदर्शी छात्रों के अनुसार, जब छात्रा बालकनी पर चढ़ने की कोशिश कर रही थी, तभी कुछ सहपाठियों ने उसे देख लिया और तुरंत रोक लिया। उनकी सतर्कता और समय पर प्रतिक्रिया से एक बड़ा हादसा टल गया।
उधर सोशल मीडिया पर एक व्हाट्सएप मैसेज तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें लिखा है— “हे गायज, मेरी जिंदगी का कोई मकसद नहीं… अब मैं सुसाइड कर लेती हूं।” दावा किया जा रहा है कि यह संदेश उसी छात्रा का है, लेकिन पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है।
यूनिवर्सिटी थाना प्रभारी विशाल कुमार ने बताया कि छात्रा को सुरक्षित बचा लिया गया है और उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। मामले की जांच जारी है।
Akhil Mahajan