NIT में देर रात स्टूडेंट्स का हंगामा, आरोप प्रोफेसर ने उकसाया और छात्रा ने दी जान, पुलिस बल मौके पर

NIT कुरुक्षेत्र में छात्रा की मौत के बाद छात्रों ने जमकर प्रदर्शन किया। प्रोफेसर पर गंभीर आरोप लगे हैं और लगातार मामलों के बीच CBI जांच की मांग तेज हो गई है।

NIT में देर रात स्टूडेंट्स का हंगामा, आरोप प्रोफेसर ने उकसाया और छात्रा ने दी जान, पुलिस बल मौके पर

➤ NIT कुरुक्षेत्र में छात्रा की मौत के बाद छात्रों का उग्र प्रदर्शन
➤ छात्रों का आरोप- प्रोफेसर ने बाहर जाकर सुसाइड करने को कहा
➤ लगातार चौथे मामले के बाद CBI जांच की मांग तेज


हरियाणा के कुरुक्षेत्र स्थित NIT में बी-टेक छात्रा की मौत के बाद कैंपस में हालात तनावपूर्ण हो गए हैं। देर रात हजारों छात्र कैंपस में इकट्ठा हो गए और “वी वांट जस्टिस” के नारे लगाते हुए जोरदार प्रदर्शन किया। स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने मेन गेट बंद कर दिया और मीडिया की एंट्री पर भी रोक लगा दी।

कैंपस में हंगामा करते स्टूडेंट।

मिली जानकारी के अनुसार, सेकेंड ईयर की छात्रा दीक्षा दुबे ने गुरुवार दोपहर लैब से लौटने के बाद अपने हॉस्टल रूम में फंदा लगाकर जान दे दी। घटना के बाद से ही साथी छात्र इसे संदिग्ध मानते हुए निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।

कैंपस में भारी पुलिसबल तैनात कर दिया गया है।

छात्रा ऑर्टिफिशियल एंड डेटा साइंस स्ट्रीम की पढ़ाई कर रही थी और मूल रूप से बिहार के बक्सर की रहने वाली थी। उसने अपनी नोटबुक में एक भावुक संदेश भी छोड़ा, जिसमें उसने खुद को परिवार की उम्मीदों पर खरा न उतर पाने की बात लिखी।

वी वांट जस्टिस के नारे लगाते स्टूडेंट्स।

घटनाक्रम के अनुसार, दीक्षा सुबह लैब में गई थी और दोपहर में अपनी दोस्त के साथ हॉस्टल लौटी। दोस्त मैस में चली गई, जबकि दीक्षा सीधे कमरे में चली गई। काफी देर तक फोन न उठाने पर जब दोस्त कमरे पर पहुंची तो दरवाजा अंदर से बंद मिला। बाद में अंदर झांकने पर छात्रा फंदे पर लटकी मिली। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।

दीक्षा के शव को हॉस्पिटल लेकर पहुंची पुलिस।

घटना के बाद छात्रों का गुस्सा फूट पड़ा। छात्रों का कहना है कि पिछले 2 महीनों में यह चौथा मामला है, लेकिन प्रशासन ने पहले बने कमेटी के बावजूद कोई ठोस कदम नहीं उठाया।

प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने गंभीर आरोप लगाए हैं कि जब उन्होंने इस मामले पर सवाल उठाए तो एक प्रोफेसर ने उन्हें डांटते हुए कैंपस के बाहर जाकर सुसाइड करने की बात कही। हालांकि इस आरोप की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन इस बयान के बाद छात्रों में आक्रोश और बढ़ गया है।

स्थिति को नियंत्रित करने के लिए कैंपस में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। छात्र लगातार CBI जांच की मांग कर रहे हैं और प्रशासन पर मामले को दबाने का आरोप लगा रहे हैं।

वहीं पुलिस का कहना है कि अभी तक मौत के कारण स्पष्ट नहीं हैं। परिवार के आने के बाद उनके बयान दर्ज किए जाएंगे, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।