हरियाणा में ट्रक से टक्कर मार शराब का ठेका तोड़ा, 2 सेल्समैन घायल
नारनौल में होटल मालिक ने रंजिशन शराब ठेके पर ट्रक चढ़ाकर हमला कर दिया। घटना में दो सेल्समैन गंभीर रूप से घायल हुए और लाखों का सामान बर्बाद हो गया। पुलिस ने होटल संचालक पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
➤ नारनौल में होटल मालिक ने ट्रक से शराब ठेके को तोड़ा, दो सेल्समैन गंभीर घायल
➤ होटल संचालक पर हफ्ता वसूली और ठेका हटाने के लिए धमकी देने के आरोप
➤ पुलिस ने होटल मालिक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की
हरियाणा के नारनौल इलाके में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां रंजिशन एक होटल मालिक ने शराब के ठेके पर ट्रक चढ़ाकर उसे तहस-नहस कर दिया। इस घटना में ठेके के अंदर सो रहे दो सेल्समैन गंभीर रूप से घायल हो गए।
शिकायतकर्ता संजय कुमार, जो नांगल चौधरी थाना क्षेत्र के अकबरपुर गांव का निवासी है, ने पुलिस को बताया कि उसने मेघोत हाला गांव में आबकारी विभाग से शराब का ठेका लिया हुआ है और इसे सुरेंद्र फर्म के नाम से संचालित कर रहा है। संजय कुमार का आरोप है कि पास के चिराग होटल का संचालक सतीश कुमार लंबे समय से उसे परेशान कर रहा है और तीन लाख रुपये महीना हफ्ता मांग रहा था।
संजय के अनुसार, होटल संचालक ठेका हटाने की धमकी देता था और कई बार बिजली की सप्लाई काट चुका था। घटना के दिन सुबह करीब पांच बजे जब सेल्समैन राफल (हिसार निवासी) और अर्जुन कुमार (औरया, यूपी निवासी) ठेके में सो रहे थे, तब सतीश कुमार तीन-चार आदमियों के साथ वहां पहुंचा। उसने पास खड़े ट्रक की चाबी ट्रक ड्राइवर से ली और उसी ट्रक से शराब ठेके को कई बार टक्कर मारी, जिससे पूरा ठेका ध्वस्त हो गया।
इस दौरान ठेके में रखा हजारों रुपये की शराब, फर्नीचर, गल्ला और फ्रीज आदि सामान टूट गया। दोनों सेल्समैन गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना में ठेके पर लगे डीवीआर और सीसीटीवी कैमरे भी क्षतिग्रस्त हो गए थे। बाद में फुटेज ठीक करने पर सामने आया कि ट्रक पर "महलावत" लिखा था, जिससे पहचान हुई। ट्रक ड्राइवर ने भी पुलिस को बताया कि होटल मालिक ने चाबी लेकर जबरन ट्रक का इस्तेमाल किया।
इस पूरे घटनाक्रम के बाद ठेका संचालक संजय कुमार ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए होटल संचालक सतीश कुमार और उसके साथियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।