EO के घर में मिट्‌टी में दबा था शंभू बॉर्डर से किसानों का चोरी सामान मिला, JCB से निकाला

पटियाला के नाभा नगर परिषद EO के सरकारी आवास से किसानों की ट्रॉलियों का चोरी हुआ सामान JCB खुदाई में बरामद हुआ। AAP नेता पर आरोप, CIA टीम जांच कर रही है।

EO के घर में मिट्‌टी में दबा था शंभू बॉर्डर से किसानों का चोरी सामान मिला, JCB से निकाला

  • नाभा नगर परिषद EO के सरकारी आवास से किसानों का चोरी हुआ सामान बरामद

  • JCB से खुदाई में ट्रॉलियों का सामान जमीन के नीचे से मिला

  • AAP नेता पंकज पप्पू पर आरोप, पुलिस कर रही गंभीर जांच


पंजाब के पटियाला में बड़ा खुलासा हुआ है। नाभा नगर परिषद के ईओ गुरचरण सिंह गिल के सरकारी आवास से किसानों की ट्रॉलियों का चोरी हुआ सामान बरामद हुआ है। किसानों की मांग पर CIA टीम ने नायब तहसीलदार की मौजूदगी में जेसीबी से खुदाई करवाई, जिसके दौरान जमीन के नीचे से ट्रॉलियों का सामान निकलना शुरू हुआ।

किसान पिछले दो दिनों से EO के सरकारी घर के बाहर धरना देकर बैठे थे। इससे पहले घनौर और नाभा हलके से भी चोरी हुई किसानों की ट्रॉलियां बरामद की जा चुकी हैं। किसानों का आरोप है कि यह चोरी शंभू बॉर्डर से की गई थी, जहां किसान MSP गारंटी कानून समेत अन्य मांगों को लेकर 13 महीने तक धरने पर बैठे थे।

किसानों ने बताया कि आठ महीने पहले शंभू बॉर्डर से उनकी ट्रॉलियां चोरी हुई थीं। उनका दावा है कि यह चोरी AAP नेता पंकज पप्पू के कहने पर अधिकारियों ने कराई। नाभा कोतवाली पुलिस ने पंकज पप्पू के खिलाफ केस भी दर्ज किया था, जिसके बाद उनका पटियाला CIA स्टाफ में तबादला कर दिया गया था।

हाल ही में किसानों ने मांग की कि चोरी हुआ सामान नगर परिषद नाभा के EO आवास की जमीन में दबाया गया है, जिसकी खुदाई करवाई जाए। किसानों के दबाव के चलते प्रशासन को जेसीबी बुलानी पड़ी और खुदाई शुरू होते ही नीचे से ट्रॉलियों का सामान निकल आया।

किसानों का कहना है कि उन्हें पहले से पुख्ता जानकारी थी कि उनकी ट्रॉलियों का सामान यहां नष्ट करने की नीयत से दबाया गया है। जबरदस्त विरोध के चलते पुलिस और प्रशासन को उनके सामने खुदाई करानी पड़ी और सामान बरामद करना पड़ा। किसानों ने दोषियों पर कठोर कार्रवाई की मांग की है।

EO गुरचरण सिंह गिल का कहना है कि यह सरकारी आवास उनके नाम पर अलॉट है, लेकिन वह यहां रहते नहीं हैं और अपने गांव में ही आते-जाते हैं। उन्होंने स्वीकार किया कि AAP नेता पंकज पप्पू यहां बना दफ्तर चलाते थे और नगर परिषद के प्रस्ताव के बाद वह सफाई कर्मचारियों का काम देखते थे। EO ने कहा कि वह पुलिस को पूरा सहयोग देने के लिए तैयार हैं।

पटियाला CIA स्टाफ टीम के इंचार्ज थानेदार दविंदर सिंह ने बताया कि सरकारी आवास में दबा सामान बरामद कर लिया गया है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।