हरियाणा में ऑपरेशन सिंदूर के हीरो सूबेदार से प्लॉट बेचने के नाम पे 30 लाख रुपए की ठगी

करनाल में 5/1 गोरखा राइफल्स के सूबेदार मनोज कुमार को बंसीलाल ने 30 लाख रुपए की धोखाधड़ी का शिकार बनाया। कई समझौते और चेक बाउंस के बावजूद रकम नहीं लौटाई गई। पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के आदेश दिए।

हरियाणा में ऑपरेशन सिंदूर के हीरो सूबेदार से प्लॉट बेचने के नाम पे 30 लाख रुपए की ठगी

➤ 5/1 गोरखा राइफल्स के सूबेदार मनोज कुमार 30 लाख रुपए की धोखाधड़ी के शिकार
➤ करनाल निवासी बंसीलाल ने प्लॉट बेचने का झूठा वादा किया और लगातार धमकाया
➤ पुलिस ने जांच अधिकारी को तुरंत कार्रवाई के आदेश दिए, गिरफ्तारी की तैयारी


हरियाणा के करनाल जिले में 5/1 गोरखा राइफल्स के सूबेदार मनोज कुमार, जिन्होंने ऑपरेशन सिंदूर में देश की सुरक्षा में अहम भूमिका निभाई, अब धोखाधड़ी और जालसाजी का शिकार हो गए हैं। करनाल जिले के गांव बागपत निवासी बंसीलाल पर आरोप है कि उसने मनोज कुमार से 30 लाख रुपए से अधिक की रकम लेकर प्लॉट बेचने का झूठा वादा किया, लेकिन न तो प्लॉट दिया और न ही रकम लौटाई।

सूबेदार मनोज आरोपी बंसीलाल की फोटो दिखाते हुए। - Dainik Bhaskar

सूबेदार को बार-बार धमकियां दी गईं और चेक बाउंस करवा दिए गए। कई बार पुलिस और पंचायत के माध्यम से समझौते हुए, लेकिन आरोपी हर बार पीछे हट गया। अब सूबेदार ने एक दिन की छुट्टी लेकर करनाल एसपी गंगा राम पूनिया से मिलकर न्याय की गुहार लगाई। पुलिस कप्तान ने उन्हें आश्वस्त किया कि आरोपी जल्द गिरफ्त में होगा और जांच अधिकारी को तुरंत गिरफ्तारी के आदेश दिए।

मामला 2023 से शुरू हुआ। देहरादून में तैनात सूबेदार मनोज कुमार ने गांव कैलाश (करनाल) में 300 वर्ग गज के प्लॉट नंबर 98 और 99 खरीदने का सौदा किया। कीमत 10,100 रुपए प्रति गज तय हुई और कुल रकम 30.30 लाख रुपए बनी। मनोज ने करीब 28 लाख रुपए RTGS के माध्यम से और बाकी नकद भुगतान किए। आरोपी ने इकरारनामा भी लिखा और रजिस्ट्री की तारीख तय की।

शिकायत लेकर एसपी कार्यालय पहुंचा सूबेदार मनोज।

लेकिन जब सूबेदार ने प्लॉट देखा, तो पाया कि जमीन पर बंसीलाल का नाम ही नहीं है। सवाल करने पर आरोपी गुस्से में धमकी देने लगा। फरवरी 2024 में दिए गए दो चेक बाउंस हो गए। पुलिस और पंचायत की मौजूदगी में अप्रैल और मई में समझौता हुआ, जिसमें आरोपी ने 35 लाख के तीन चेक देने का वादा किया, लेकिन पूरा झूठ निकला।

अगस्त 2024 में आरोपी ने 26 मरला जमीन देने का झूठा दावा किया, लेकिन कब्जे पर पता चला कि जमीन किसी और की थी। जनवरी 2025 में फिर दो और चेक दिए, जो बाउंस हो गए।

सूबेदार मनोज कुमार ने कहा कि उन्होंने अपनी पूरी जिंदगी की कमाई इस सौदे में लगा दी, लेकिन आरोपी की बदमाश प्रवृत्ति के कारण वे ठगे हुए हैं। थाना सदर करनाल में धारा 406 और 420 के तहत FIR दर्ज है, लेकिन आज तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।