मानेसर मेयर डॉ. इंद्रजीत यादव भाजपा में शामिल, बड़ा सियासी बदलाव
गुरुग्राम की मानेसर मेयर डॉ. इंद्रजीत यादव ने नौ पार्षदों के साथ भाजपा जॉइन की। अब हरियाणा के सभी 10 नगर निगमों पर भाजपा का कब्जा हो गया है।
➤ मानेसर मेयर डॉ. इंद्रजीत यादव भाजपा में शामिल
➤ नौ पार्षदों के साथ जॉइनिंग, केंद्रीय मंत्री और प्रदेशाध्यक्ष रहे मौजूद
➤ अब हरियाणा के सभी 10 नगर निगमों पर भाजपा का कब्जा
गुरुग्राम के मानेसर नगर निगम की मेयर डॉ. इंद्रजीत यादव ने बुधवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का दामन थाम लिया। उन्होंने अपने साथ नौ पार्षदों के साथ पार्टी जॉइन की। इस मौके पर केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत सिंह और प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने उन्हें पार्टी का पटका पहनाकर औपचारिक रूप से शामिल कराया।
डॉ. इंद्रजीत यादव ने मार्च 2025 में हुए नगर निगम चुनाव में निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर जीत दर्ज की थी। उस चुनाव में उन्होंने भाजपा के प्रत्याशी सुंदर लाल यादव को हराकर मानेसर नगर निगम पर कब्जा किया था। उस समय मानेसर ही ऐसा निगम था, जहां भाजपा को हार का सामना करना पड़ा था।
जानकारी के अनुसार, डॉ. इंद्रजीत यादव ने चुनाव में करीब 2293 वोटों के अंतर से जीत हासिल की थी। उनकी जीत ने उस समय राजनीतिक समीकरणों को बदल दिया था और भाजपा के क्लीन स्वीप के अभियान को झटका लगा था।
अब उनके भाजपा में शामिल होने के बाद हरियाणा के सभी 10 नगर निगमों पर भाजपा का कब्जा हो गया है। इससे पहले भाजपा 9 नगर निगमों में जीत हासिल कर चुकी थी, लेकिन मानेसर में हार के कारण पूर्ण बहुमत से चूक गई थी।
राजनीतिक जानकारों के अनुसार, यह जॉइनिंग हरियाणा की स्थानीय राजनीति में बड़ा बदलाव मानी जा रही है। इससे भाजपा को शहरी निकायों में और मजबूती मिलेगी।
Akhil Mahajan