Breaking: मनाली से जयपुर जा वोल्वो बस हरियाणा में ट्रक से टकराई , 2 की मौत, 17 घायल
Mahendragarh Accident, Volvo Bus Crash, Haryana News, NH152D Accident, Tourist Bus Accident, Jaipur Tourists, Road Accident, CityTehlka
- मनाली से जयपुर जा रही टूरिस्ट वॉल्वो बस महेंद्रगढ़ में ट्रक से टकराई
- ड्राइवर और परिचालक की मौके पर मौत, 17 टूरिस्ट घायल
- पुलिस को आशंका, ड्राइवर को झपकी आने से हुआ हादसा
हरियाणा के महेंद्रगढ़ में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं। मनाली से जयपुर जा रही टूरिस्टों से भरी वॉल्वो बस नेशनल हाईवे-152D पर बुचावास कट के पास सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से जा टकराई। हादसा इतना भीषण था कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना में बस चालक और परिचालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 17 टूरिस्ट घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार हादसा शुक्रवार सुबह करीब 5 बजे हुआ। बस में करीब 40 यात्री सवार थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्रक सड़क किनारे खड़ा था और तेज रफ्तार बस पीछे से उसमें जा घुसी। प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि बस चालक को झपकी आने के कारण यह दुर्घटना हुई।
हादसे के समय ट्रक में लोहे की इंगल लदी हुई थी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कई लोहे की इंगल बस के अंदर तक घुस गईं। ड्राइवर साइड का हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। बस में बैठे कई यात्री अपनी सीटों से उछलकर आगे जा गिरे, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं।
बस में सवार एक यात्री ने बताया कि अचानक जोरदार धमाके के साथ बस ट्रक से टकराई। टक्कर इतनी तेज थी कि कई लोग सीटों से उछल गए और बस के अंदर अफरा-तफरी मच गई। हादसे के बाद चारों तरफ चीख-पुकार सुनाई देने लगी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। बस के दरवाजे क्षतिग्रस्त होने के कारण यात्रियों को खिड़कियों के जरिए बाहर निकाला गया। राहत और बचाव कार्य के दौरान घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।
सभी घायलों का इलाज महेंद्रगढ़ के सिविल अस्पताल में चल रहा है। कुछ घायलों को गंभीर हालत के चलते क्रिटिकल केयर यूनिट में भर्ती किया गया है। सुबह शुरुआती जानकारी में घायलों की संख्या 11 बताई गई थी, लेकिन बाद में यह बढ़कर 17 हो गई। कई घायलों की हालत अभी भी चिंताजनक बनी हुई है।
इस हादसे में जयपुर के विजयनगर निवासी ड्राइवर सोमवीर (30) और परिचालक दिलखुश (31) की मौत हो गई। दोनों बस स्टाफ के सदस्य थे और हादसे के दौरान बस के अगले हिस्से में मौजूद थे।
घायलों में जयपुर निवासी नलिन जैन, प्रतीक, सुरेंद्र, सुभाष चंद्र, आशीष, यशस्वी, वसीम अख्तर, अभिमन्यु, आशुतोष, अविनाश, गौरव, प्रियंका और प्राची शामिल हैं। इनके अलावा चंडीगढ़ के सोहन, राजस्थान के दौसा निवासी रोहित तथा पावटा निवासी खुशी भी घायल हुए हैं।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना के कारणों की विस्तृत पड़ताल की जा रही है। वहीं हादसे के बाद हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।
Akhil Mahajan