कुआं पूजन से लौट रहे तीन दोस्तों की मौत, कार डंपर से टकराई
महेंद्रगढ़ में बुधवार रात डंपर से टकराई कार में तीन युवकों की मौत हो गई। कुआं पूजन कार्यक्रम में जा रहे थे चार दोस्त, एक युवक गंभीर घायल है।
-
महेंद्रगढ़ में डंपर से टकराई कार, तीन युवकों की दर्दनाक मौत
-
कुआं पूजन कार्यक्रम में जा रहे थे चारों दोस्त, एक गंभीर घायल
-
एयरबैग खुलने के बावजूद नहीं बची जान, डंपर चालक फरार
महेंद्रगढ़। हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले में बुधवार रात एक भीषण सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। चारों युवक एक कार में सवार होकर कुआं पूजन कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे, तभी उनकी कार आगे चल रहे डंपर से जा टकराई।
हादसा बुधवार रात करीब 10:30 बजे आनावास गांव के पास हुआ। हादसे की टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के एयरबैग खुलने के बावजूद तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार की स्पीड बहुत तेज थी और अचानक सामने आए डंपर से चालक कार को संभाल नहीं पाया।
मृतकों की पहचान रेवाड़ी जिले के गोपालपुर गाजी निवासी लोकेश (30), करीरा निवासी मनोज (28) और महेंद्रगढ़ के जाड़ड़ा निवासी कौशल (21) के रूप में हुई है। हादसे में घायल युवक प्रदीप (20) को गंभीर हालत में निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
थाना सदर महेंद्रगढ़ के SHO संदीप ने बताया कि चारों युवक रेवाड़ी के डहीना में कुआं पूजन कार्यक्रम में शामिल होकर पाली गांव किसी काम से आए थे। काम निपटाकर वे वापस लौट रहे थे कि आनावास के पास डंपर से उनकी कार टकरा गई। दो युवकों की मौके पर और एक की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई।
हादसे के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को कार से बाहर निकाला और सिविल अस्पताल महेंद्रगढ़ में पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर डंपर और उसके चालक की तलाश शुरू कर दी है।
मृतक मनोज एक प्राइवेट कंपनी में कार्यरत था और विवाहित था, उसके दो छोटे बच्चे हैं। लोकेश भी विवाहित था और प्राइवेट जॉब करता था, जबकि कौशल पॉलिटेक्निक का छात्र था। प्रदीप, जो घायल है, कौशल का दोस्त और स्टूडेंट है।
Author1