हरियाणा में कैनाल में डूबने से दो किशोरों की मौ*त, परिवारों में मचा कोहराम

चरखी दादरी की लोहारू कैनाल में नहाने गए दो किशोर तेज बहाव में बह गए। एनडीआरएफ और पुलिस के सर्च अभियान के बाद दोनों के शव बरामद किए गए।

हरियाणा में कैनाल में डूबने से दो किशोरों की मौ*त, परिवारों में मचा कोहराम

लोहारू कैनाल में नहाने गए दो किशोर तेज बहाव की चपेट में आकर डूबे

एनडीआरएफ और पुलिस ने चलाया सर्च अभियान, देर रात और सुबह मिले शव

दोनों किशोरों की मौत से परिवारों और इलाके में पसरा मातम

चरखी दादरी में लोहारू कैनाल में नहाने गए दो किशोरों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। मृतकों की पहचान दादरी शहर के वार्ड-17 निवासी 17 वर्षीय समीर कादयान और झरना घाट निवासी 16 वर्षीय कार्तिक के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार दोनों किशोर लोहारू कैनाल में नहाने के लिए गए थे। इसी दौरान वे पानी के तेज बहाव की चपेट में आ गए और देखते ही देखते नहर में बह गए। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी।

घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने तत्काल एनडीआरएफ टीम को सूचना देकर सर्च अभियान शुरू कराया। टीम ने देर शाम तक नहर में दोनों किशोरों की तलाश जारी रखी।

काफी मशक्कत के बाद देर रात समीर कादयान का शव बरामद कर लिया गया। इसके बाद भी एनडीआरएफ और पुलिस की टीम ने दूसरे किशोर की तलाश जारी रखी।

बुधवार सुबह दोबारा अभियान शुरू किया गया। कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद कार्तिक का शव भी नहर से बाहर निकाल लिया गया। दोनों शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई।

इस हादसे के बाद मृतकों के परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं पूरे इलाके में शोक का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोगों ने भी इस दुखद घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है।