ट्रिपल मर्डर: बेटे ने मां-भाई-बहन की हत्या की
दिल्ली के लक्ष्मी नगर में बेटे ने मां, बहन और नाबालिग भाई की हत्या कर दी। आरोपी ने थाने पहुंचकर जुर्म कबूला। आर्थिक तंगी को वजह बताया गया है।
➤ कलयुगी बेटे ने मां, भाई और बहन की बेरहमी से हत्या
➤ वारदात के बाद खुद थाने पहुंचकर कबूला जुर्म
➤ आर्थिक तंगी को हत्या की वजह बताया
लक्ष्मी नगर इलाके में सोमवार शाम उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक युवक ने खून के रिश्तों को शर्मसार करते हुए अपनी ही मां, बहन और नाबालिग भाई की हत्या कर दी। यह ट्रिपल मर्डर इतना खौफनाक था कि पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
आरोपी की पहचान 25 वर्षीय यशवीर सिंह के रूप में हुई है, जो मंगल बाजार क्षेत्र में अपने परिवार के साथ रहता था। आरोपी ने हत्या के बाद भागने के बजाय खुद लक्ष्मी नगर थाना पहुंचकर पुलिस को अपने जुर्म की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस की टीमें तत्काल बताए गए पते पर पहुंचीं।
मौके पर जांच के दौरान घर के अंदर 46 वर्षीय मां कविता, 24 वर्षीय बहन मेघना और 14 वर्षीय भाई मुकुल के शव बरामद किए गए। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी ने आर्थिक तंगी और पारिवारिक तनाव के चलते इस वारदात को अंजाम दिया। हालांकि पुलिस का कहना है कि हत्या की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया गया है। टीम ने घर से सबूत जुटाए हैं। पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर गहन पूछताछ कर रही है और मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है।
पड़ोसियों के मुताबिक, परिवार सामान्य जीवन जी रहा था और रोजाना मंदिर जाता था। घटना वाले दिन किसी ने उन्हें बाहर जाते नहीं देखा। पुलिस का कहना है कि तथ्यों और परिस्थितियों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Akhil Mahajan