कभी-कभी एक छोटा-सा फैसला किसी की ज़िंदगी बचा सकता है, देर रात ज़हर का ऑर्डर देख डिलीवरी बॉय ने इंसानियत दिखाई और अनहोनी टाल दी
देर रात ज़हरीली दवा का ऑर्डर देख डिलीवरी बॉय ने सतर्कता दिखाई, ऑर्डर रद्द कर महिला से बात की। उसकी इंसानियत की कहानी सोशल मीडिया पर वायरल हो गई।
- रात में ज़हर का अजीब ऑर्डर, डिलीवरी बॉय को हुआ शक
- तीन पैकेट चूहे मारने की दवा देख राइडर ने दिखाई इंसानियत
- डिलीवरी रद्द कर महिला से बात की, सोशल मीडिया पर कहानी वायरल
चेन्नई। देर रात की एक सामान्य-सी डिलीवरी ने इंसानियत की बड़ी मिसाल पेश कर दी। तमिलनाडु में एक ऑनलाइन ग्रोसरी प्लेटफॉर्म के डिलीवरी बॉय को रात के समय तीन पैकेट चूहे मारने की दवा का ऑर्डर मिला। ऑर्डर की टाइमिंग और सामान देखकर उसे कुछ गड़बड़ का अहसास हुआ।
डिलीवरी के लिए जब राइडर महिला के घर पहुंचा, तो उसने देखा कि महिला मानसिक रूप से बेहद परेशान और रोती हुई थी। हालात को भांपते हुए डिलीवरी बॉय ने सिर्फ सामान थमाने के बजाय महिला से बातचीत शुरू की और उसे समझाने की कोशिश की।
डिलीवरी बॉय ने महिला से कहा कि कोई भी परेशानी इतनी बड़ी नहीं होती कि जिंदगी खत्म कर दी जाए। इसके बाद उसने ऑर्डर को मौके पर ही रद्द कर दिया और ज़हरीली दवा वापस ले गया। इस मानवीय कदम को बाद में राइडर ने सोशल मीडिया पर साझा किया, जिसके बाद यह कहानी तेजी से वायरल हो गई।
सोशल मीडिया यूज़र्स ने डिलीवरी बॉय की संवेदनशीलता और साहस की जमकर तारीफ की। लोगों का कहना है कि अगर उस रात सिर्फ सिस्टम चलता और इंसान नहीं होता, तो एक बड़ी अनहोनी हो सकती थी। यह घटना साबित करती है कि तकनीक के दौर में भी इंसानी समझ और संवेदना सबसे बड़ी ताकत है।
Akhil Mahajan