कुरुक्षेत्र में STF और भाऊ गैंग के शूटरों के बीच मुठभेड़, 20 राउंड फायरिंग के बाद STF ने दो बदमाशों को दबोचा

कुरुक्षेत्र में STF और भाऊ गैंग के दो शूटरों के बीच मुठभेड़ हुई। 20 राउंड फायरिंग के बाद दोनों बदमाश घायल हुए और पुलिस ने विदेशी पिस्टल बरामद की।

कुरुक्षेत्र में STF और भाऊ गैंग के शूटरों के बीच मुठभेड़,  20 राउंड फायरिंग के बाद STF ने दो बदमाशों को दबोचा
  • कुरुक्षेत्र में STF और भाऊ गैंग के शूटरों के बीच मुठभेड़
  • करीब 20 राउंड फायरिंग में दोनों बदमाशों के पैरों में लगी गोली
  • रोहतक में वारदात की फिराक में थे आरोपी, दो विदेशी पिस्टल बरामद

हरियाणा के कुरुक्षेत्र में मंगलवार शाम उस समय सनसनी फैल गई, जब करनाल STF और भाऊ गैंग से जुड़े दो शूटरों के बीच मुठभेड़ हो गई। यह मुठभेड़ शाहाबाद के रतनगढ़ गांव के पास जीटी रोड पर हुई, जहां दोनों ओर से करीब 20 राउंड फायरिंग हुई। जवाबी कार्रवाई में STF ने दोनों बदमाशों को गोली मारकर काबू कर लिया।

घायल बदमाशों की पहचान अमृतसर के खजाना गेट निवासी कशिश और श्रीपुरा निवासी हर्ष के रूप में हुई है। दोनों के पैरों में गोलियां लगी हैं। पुलिस ने मौके से दोनों के कब्जे से एक-एक विदेशी पिस्टल बरामद की है।

दोनों शूटरों को शाहाबाद सरकारी अस्पताल से कुरुक्षेत्र रेफर किया गया।

मुठभेड़ के बाद दोनों आरोपियों को पहले शाहाबाद के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए कुरुक्षेत्र के LNJP अस्पताल रेफर कर दिया गया।

शुरुआती जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी भाऊ गैंग से जुड़े हुए हैं। पुलिस के अनुसार दोनों रोहतक जाने की तैयारी में थे और किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे। फिलहाल STF पूरे नेटवर्क और संभावित साजिश की जांच में जुटी हुई है।

STF करनाल यूनिट के इंचार्ज दीपेंद्र राणा ने बताया कि टीम को पहले से इनपुट मिला हुआ था कि भाऊ गैंग के दो शूटर हथियारों के साथ जीटी रोड पर मौजूद हैं। सूचना मिलते ही STF टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी की गई।

पुलिस टीम को देखते ही बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान STF टीम में शामिल SI प्रवीण कुमार पर भी गोली चली। गोली उनकी बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी, जिससे उनकी जान बच गई। इसके बाद STF ने जवाबी कार्रवाई करते हुए दोनों बदमाशों को घायल कर दिया।

करीब 20 राउंड चली इस फायरिंग के बाद दोनों आरोपी घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। STF टीम ने तुरंत दोनों को काबू कर लिया और हथियार बरामद किए। पुलिस अब दोनों के आपराधिक रिकॉर्ड, गैंग कनेक्शन और रोहतक में होने वाली संभावित वारदात की जानकारी जुटा रही है।

पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी किसी वाहन का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान STF ने उन्हें घेर लिया। माना जा रहा है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं होती तो आरोपी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम दे सकते थे।

भाऊ गैंग के बारे में जानिए: भाऊ गैंग का सरगना हिमांशु भाऊ हरियाणा के रोहतक जिले के रिटौली गांव का रहने वाला है। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक 2019 तक वह सामान्य छात्र था, लेकिन पढ़ाई के दौरान एक फायरिंग केस में उसका नाम आने के बाद वह अपराध की दुनिया में उतर गया।

नाबालिग होने के चलते उसे हिसार सुधार गृह भेजा गया था, लेकिन वहां से फरार होने के बाद उसने लगातार अपराध की दुनिया में अपना नेटवर्क बढ़ाया। उसके खिलाफ हत्या, रंगदारी, लूट और धोखाधड़ी समेत 18 से ज्यादा मामले दर्ज हैं।

पुलिस के अनुसार हिमांशु भाऊ 2022 में फर्जी पासपोर्ट के जरिए भारत छोड़कर फरार हो गया था। पहले वह पुर्तगाल पहुंचा और अब अमेरिका से गैंग ऑपरेट करने की बात सामने आती रही है। उसके खिलाफ इंटरपोल का रेड कॉर्नर नोटिस भी जारी हो चुका है। हरियाणा और दिल्ली पुलिस ने उस पर लाखों रुपए का इनाम घोषित कर रखा है।