बड़ा हादसा टला: 30 सवारियों वाली रोडवेज बस पुलिया के पास फंसी, पलटने से बची
कुरुक्षेत्र के पिहोवा में पटियाला रोड पर निर्माणाधीन पुलिया के पास हरियाणा रोडवेज की बस फंस गई। बस में 30 से ज्यादा यात्री सवार थे, लेकिन गनीमत रही कि बस पलटी नहीं और सभी सुरक्षित बच गए।
➤ पिहोवा के बोधनी गांव के पास निर्माणाधीन पुलिया में फंसी रोडवेज बस
➤ बस में 30 से ज्यादा यात्री सवार, सभी सुरक्षित निकाले गए
➤ ब्रेक या स्टेयरिंग फेल होने की आशंका, जांच के बाद साफ होगी वजह
हरियाणा के Kurukshetra जिले में सोमवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। पिहोवा क्षेत्र में पटियाला रोड पर हरियाणा रोडवेज की बस निर्माणाधीन पुलिया के पास फंस गई और पलटने से बाल-बाल बच गई। घटना बोधनी गांव के पास हुई, जहां बस सड़क किनारे और खदान के बीच फंसकर आगे नहीं बढ़ पाई। गनीमत यह रही कि बस पलटी नहीं, क्योंकि पास ही गड्ढे में बड़े-बड़े सरिए खड़े थे। अगर बस पलट जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था।
पटियाला से पिहोवा आ रही थी बस
हरियाणा रोडवेज की यह बस Patiala से चलकर Pehowa बस स्टैंड की ओर आ रही थी। बस पिहोवा सब डिपो की बताई जा रही है। बस में करीब 30 से ज्यादा यात्री सवार थे। बस फंसने के बाद सभी यात्रियों को सुरक्षित नीचे उतारा गया और दूसरी बस के जरिए उन्हें उनके गंतव्य की ओर भेज दिया गया।
7 महीने से चल रहा पुलिया का निर्माण
बस के कंडक्टर रविंद्र कुमार के अनुसार सड़क पर काफी समय से पुलिया निर्माण का काम चल रहा है। उन्होंने बताया कि करीब सात महीने से यहां निर्माण कार्य जारी है और सड़क काफी संकरी हो गई है निर्माण के दौरान आसपास ताजी मिट्टी डाली गई थी। इसी कारण बस का आगे का टायर नरम मिट्टी में धंस गया और बस वहीं फंस गई।
ओवरटेक करने की बात गलत
कंडक्टर ने कहा कि यह कहना गलत है कि बस ओवरटेक करते समय फंसी। सड़क इतनी संकरी है कि यहां किसी वाहन को ओवरटेक करना लगभग संभव ही नहीं है। ड्राइवर बस को सामान्य गति से चला रहा था और उसने बस को नियंत्रित करने की पूरी कोशिश की।
ब्रेक या स्टेयरिंग फेल होने की आशंका
प्राथमिक जानकारी के अनुसार बस के ब्रेक या स्टेयरिंग में तकनीकी खराबी की आशंका भी जताई जा रही है। हालांकि असली कारण बस की जांच के बाद ही सामने आएगा।
घटना के बाद मौके पर क्रेन बुलाकर बस को बाहर निकाला गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी भी यात्री को चोट नहीं आई।
Akhil Mahajan