राज्यमंत्री ने फूड-सप्लाई इंस्पेक्टर को किया सस्पेंड, जानें वजह
कुरुक्षेत्र में ग्रीवेंस कमेटी बैठक के दौरान मंत्री राजेश नागर ने 11 शिकायतों का समाधान किया। लाडवा के खाद्य निरीक्षक को सस्पेंड करने के निर्देश दिए गए।
- कुरुक्षेत्र ग्रीवेंस कमेटी बैठक में 11 शिकायतों का मौके पर समाधान
- लाडवा के खाद्य निरीक्षक रविंद्र कुमार को सस्पेंड करने के निर्देश
- बारदाने की रिकवरी और FIR में देरी पर अधिकारियों से जवाब तलब
हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले में गुरुवार को नए लघु सचिवालय के सभागार में जिला ग्रीवेंस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले मंत्री राजेश नागर ने की। बैठक के एजेंडे में कुल 16 शिकायतें रखी गई थीं, जिनमें से 7 शिकायतें पुरानी थीं।
बैठक के दौरान राज्यमंत्री राजेश नागर ने 11 शिकायतों का मौके पर ही समाधान कर दिया, जबकि 5 शिकायतों को अगली बैठक के लिए लंबित रखा गया। बैठक में लाडवा खाद्य एवं आपूर्ति विभाग से जुड़ा मामला प्रमुख रूप से सामने आया।
डिपो होल्डर सोनू नारंग, निवासी महावीर कॉलोनी लाडवा, ने शिकायत दर्ज कराई कि इंस्पेक्टर रविंद्र कुमार का लाडवा से करीब एक साल पहले ट्रांसफर हो चुका है, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने बारदाने का चार्ज किसी अन्य इंस्पेक्टर को नहीं सौंपा।
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि रविंद्र कुमार ने बारदाना बेच दिया, जिससे विभाग को नुकसान हुआ। मामले की गंभीरता को देखते हुए राज्यमंत्री राजेश नागर ने इंस्पेक्टर रविंद्र कुमार को सस्पेंड करने और बारदाने की रिकवरी करने के आदेश दिए।
बैठक में यह भी सामने आया कि इससे पहले इसी विभाग के इंस्पेक्टर नवीन कुमार को सस्पेंड किया जा चुका है और तीन अधिकारियों के खिलाफ FIR दर्ज करने के निर्देश दिए गए थे।
राज्यमंत्री ने इस मामले में FIR दर्ज न होने पर AFSO से जवाब तलब किया। AFSO ने लीगल एडवाइज लेने का हवाला दिया, जिस पर मंत्री ने एक महीने की देरी पर नाराजगी जताई। अंततः AFSO द्वारा एक सप्ताह का समय मांगे जाने पर यह मामला अगली ग्रीवेंस कमेटी बैठक के लिए पेंडिंग रख दिया गया।
Akhil Mahajan