कुरुक्षेत्र में 2 हत्यारोपी गिरफ्तार:चोरी के शक में की व्यक्ति की हत्या, परने से घोंटा गला, 4 बच्चों का पिता था
कुरुक्षेत्र के धुराला गांव में 4 बच्चों के पिता जयभगवान की चोरी के शक में गला घोंटकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर 3 दिन की रिमांड पर लिया है।
■ कुरुक्षेत्र के धुराला में 4 बच्चों के पिता की हत्या, 2 आरोपी गिरफ्तार
■ चोरी के शक में परने से गला घोंटकर की वारदात
■ सीआईए-1 की जांच के बाद 3 दिन की पुलिस रिमांड
हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले के धुराला गांव में 4 बच्चों के पिता की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मृतक की पहचान 40 वर्षीय जयभगवान उर्फ काला निवासी धुराला के रूप में हुई थी। उसका शव 26 फरवरी को थाना झांसा क्षेत्र की डकोत बस्ती के पास खेतों में मिला था। जांच में सामने आया कि आरोपियों ने चोरी के शक में जयभगवान का गला उसके ही परने से घोंटकर हत्या कर दी।
जानकारी के अनुसार जयभगवान 25 फरवरी की रात करीब 9 बजे घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। परिवार ने तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। अगले दिन दोपहर करीब 3 बजे गांव के ही सुमीत और विशाल ने सूचना दी कि जयभगवान खेत में ट्यूबवेल कोठा के पीछे पड़ा है। मौके पर पहुंचने पर उसका शव बरामद हुआ। गले पर चोट के स्पष्ट निशान मिले, जिससे हत्या की आशंका गहरा गई।
सूचना मिलते ही थाना झांसा पुलिस, सीन ऑफ क्राइम टीम और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर तीन डॉक्टरों के पैनल से पोस्टमार्टम कराया गया। बाद में शव परिजनों को सौंप दिया गया। मृतक के भाई कर्मजीत उर्फ मुंदरी की शिकायत पर हत्या का मामला दर्ज किया गया।
पुलिस अधीक्षक नीतीश अग्रवाल के निर्देश पर मामले की जांच अपराध अन्वेषण शाखा-1 को सौंपी गई। जांच के दौरान पुलिस ने दो आरोपियों हैप्पी कश्यप और राजकुमार उर्फ राजू, निवासी आरा कॉलोनी, धुराला को गिरफ्तार कर लिया। दोनों को अदालत में पेश कर तीन दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
पीएसआई जसबीर सिंह के अनुसार मृतक नशे का आदी था और पहले चोरी के मामलों में पकड़ा जा चुका था। आरोपियों को उस पर चोरी का शक था। 25 फरवरी की रात उन्होंने जयभगवान को घूमते देखा और पूछताछ की। वह वहां से भाग गया। अगले दिन खेतों की ओर जाते समय फिर उसका सामना हुआ। पूछताछ के दौरान बहस बढ़ी और आरोपियों ने गुस्से में आकर उसके परने से गला घोंट दिया।
जयभगवान मेहनत-मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करता था। उसके पीछे तीन बेटियां और एक बेटा हैं। पिता की मौत से बच्चों के सिर से साया उठ गया है। गांव में इस घटना के बाद दहशत और शोक का माहौल है। पुलिस का कहना है कि रिमांड के दौरान आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
shubham