साले को छोड़ने जा रहे जीजा की हादसे में मौत, करनाल का रहने वाला
कुरुक्षेत्र के लाडवा रोड पर दो बाइकों की भिड़ंत में बुलेट सवार युवक की मौत हो गई। हादसे में उसका साला घायल हुआ है, जबकि दूसरी बाइक का चालक मौके से फरार हो गया।
• कुरुक्षेत्र में लाडवा रोड पर दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत
• बुलेट सवार युवक की मौत, साला घायल
• दूसरी बाइक का चालक फरार, पुलिस जांच में जुटी
हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले में लाडवा रोड पर सोमवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। दो बाइकों की आपस में हुई भिड़ंत में बुलेट बाइक चला रहे युवक की मौत हो गई, जबकि उसके साले को चोटें आई हैं। हादसे के बाद दूसरी बाइक का चालक मौके से फरार हो गया।
मृतक की पहचान 32 वर्षीय विकास निवासी बाल पबाना जिला करनाल के रूप में हुई है, जो फिलहाल अटल नगर पिपली में रह रहा था। विकास एक प्राइवेट कंपनी में काम करता था। हादसे के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। विकास अपने पीछे पत्नी नीतू और चार बच्चों को छोड़ गया है।
मामले में राहुल निवासी बंदराला जिला करनाल ने थाना सदर थानेसर में बयान दर्ज कराया है। राहुल ने बताया कि वह अपनी बहन नीतू से मिलने उसके घर आया था। शाम को उसका जीजा विकास उसे बस में बैठाने के लिए बुलेट बाइक पर पिपली चौक छोड़ने आ रहा था।
राहुल के अनुसार जब वे लाडवा रोड पर एक्सिस बैंक के पास पहुंचे, तभी गली से अचानक तेज रफ्तार बाइक नंबर HR07AB-2894 सड़क पर आ गई। अचानक सामने आई बाइक से उनकी बुलेट की जोरदार टक्कर हो गई।
भिड़ंत के दौरान विकास उछलकर सिर के बल सड़क पर गिर गया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। राहुल को भी कुछ चोटें लगीं। हादसे के बाद राहुल ने खुद को संभालते हुए एम्बुलेंस की मदद से विकास को कुरुक्षेत्र के एक प्राइवेट अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में इलाज शुरू होने से पहले ही डॉक्टरों ने विकास को मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दूसरी बाइक को कब्जे में ले लिया। फरार चालक की तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस बाइक नंबर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच में जुटी हुई है।
Author1