गो-तस्करी चेकिंग टीम पर चढ़ाया ट्रक, पुलिस जवान की मौ*त, एएसआई गंभीर
नूंह के KMP एक्सप्रेसवे पर गो-तस्करी के संदेह में पकड़े गए वाहन पर कार्रवाई के दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने पुलिस टीम को टक्कर मार दी। हादसे में एक जवान की मौत और ASI गंभीर घायल हुए।
➤ गो-तस्करी के संदेह में पकड़े गए वाहन के पास खड़ी पुलिस टीम को तेज रफ्तार ट्रक ने मारी टक्कर
➤ दो ट्रकों के बीच फंसने से पुलिस जवान गिरीश की मौके पर मौत, ASI मुकेश फोगाट गंभीर घायल
➤ पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर हादसे के सभी पहलुओं की जांच शुरू की
नूंह जिले के कुंडली-मानेसर-पलवल (KMP) एक्सप्रेसवे पर गुरुवार अलसुबह एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मोहम्मदपुर अहिर थाना क्षेत्र के गांव गोयला के पास गो-तस्करी के संदेह में पकड़े गए वाहन पर कार्रवाई कर रही पुलिस टीम को तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में पुलिस जवान गिरीश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ASI मुकेश फोगाट गंभीर रूप से घायल हो गए। एक अन्य पुलिसकर्मी साहिल इस हादसे में बाल-बाल बच गए।
जानकारी के अनुसार पुनहाना CIA टीम को गोवंश से भरे एक वाहन की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू की। इसी दौरान वाहन में तकनीकी खराबी आ गई, जिसके कारण उसे KMP एक्सप्रेसवे के किनारे खड़ा करना पड़ा। पुलिस टीम आवश्यक कार्रवाई में जुटी हुई थी।
इसी दौरान मानेसर की ओर से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क किनारे खड़े गोवंश से भरे वाहन को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन के पीछे मौजूद पुलिसकर्मी दो ट्रकों के बीच फंस गए। हादसे में जवान गिरीश ट्रक के टायर के नीचे दब गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं ASI मुकेश फोगाट गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही मोहम्मदपुर अहिर थाना पुलिस, धुलावट ट्रैफिक थाना पुलिस तथा वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। राहत एवं बचाव कार्य चलाकर घायल ASI मुकेश फोगाट को गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
नूंह पुलिस के प्रवक्ता ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि हादसे के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस ने गोवंश से भरे वाहन और टक्कर मारने वाले ट्रक दोनों को कब्जे में ले लिया है। दुर्घटना के कारणों और चालक की लापरवाही सहित सभी बिंदुओं की जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Akhil Mahajan