केएमपी एक्सप्रेसवे पर लूट, चालक से 2 लाख और मोबाइल छीना
केएमपी एक्सप्रेसवे पर आसौदा के पास बदमाशों ने एक चालक से मारपीट कर 2 लाख रुपये नकद और मोबाइल फोन लूट लिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
- केएमपी एक्सप्रेसवे पर कार सवार बदमाशों की लूट
- मारपीट कर 2 लाख नकद और मोबाइल छीना
- आई-20 कार में आए 3–4 युवक फरार
केएमपी एक्सप्रेसवे पर बदमाशों के हौसले लगातार बढ़ते नजर आ रहे हैं। शुक्रवार रात सोनीपत से रेवाड़ी लौट रहे एक वाहन चालक से अज्ञात युवकों ने लूट की वारदात को अंजाम दिया।
पीड़ित सूबे, निवासी गांव कसोला जिला रेवाड़ी, अपने भतीजे के साथ गाड़ी से यात्रा कर रहे थे। जब उनकी गाड़ी आसौदा के पास केएमपी एक्सप्रेसवे पर रुकी, तभी आई-20 कार में सवार 3 से 4 युवक वहां पहुंचे।
पीड़ित के अनुसार बदमाशों ने गाड़ी रुकते ही उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद आरोपी 2 लाख रुपये नकद और मोबाइल फोन लूटकर मौके से फरार हो गए।
वारदात के बाद पीड़ित ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। मामला केएमपी एक्सप्रेसवे जैसे हाई-सिक्योरिटी माने जाने वाले मार्ग पर होने से सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है और बदमाशों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
Akhil Mahajan