हरियाणा में खालिस्तान के नाम पर धमकी
खालिस्तान के नाम से भेजे गए धमकी भरे ई-मेल में कुरुक्षेत्र के मंदिरों, गुरुग्राम नगर निगम कार्यालय और रेलवे ट्रैक को निशाना बनाने की चेतावनी दी गई है। सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं।
- खालिस्तान के नाम पर भेजे गए ई-मेल में हरियाणा के मंदिरों और सरकारी संस्थानों को धमकी
- कुरुक्षेत्र के स्थाणु महादेव मंदिर, पिहोवा के कार्तिकेय मंदिर और गुरुग्राम नगर निगम को बनाया निशाना
- मुख्यमंत्री नायब सैनी के प्रस्तावित कार्यक्रमों से पहले सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर
हरियाणा में एक बार फिर खालिस्तान के नाम पर भेजे गए धमकी भरे ई-मेल ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है। खालिस्तान नेशनल आर्मी के नाम से भेजे गए ई-मेल में हरियाणा को खालिस्तान बनाने का दावा करते हुए कई धार्मिक स्थलों, सरकारी कार्यालयों और रेलवे ट्रैक को निशाना बनाने की धमकी दी गई है।
धमकी भरे ई-मेल में कुरुक्षेत्र के प्रसिद्ध स्थाणु महादेव मंदिर और पिहोवा स्थित कार्तिकेय मंदिर का नाम लेकर उन्हें उड़ाने की चेतावनी दी गई है। इसके अलावा गुरुग्राम मेयर कार्यालय, नगर निगम कार्यालय और रेलवे ट्रैक पर IED विस्फोट करने की धमकी भी दी गई है।
यह मामला इसलिए और गंभीर हो गया है क्योंकि आने वाले दिनों में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के कुरुक्षेत्र में कई महत्वपूर्ण कार्यक्रम प्रस्तावित हैं। 5 जून और 8 जून को मुख्यमंत्री के कार्यक्रम निर्धारित हैं। विशेष रूप से 8 जून को मुख्यमंत्री का कार्यक्रम उसी स्थाणु महादेव मंदिर में प्रस्तावित है, जिसका नाम धमकी भरे ई-मेल में लिया गया है। इसी दिन मुख्यमंत्री सोमनाथ के लिए विशेष ट्रेन को भी रवाना करने वाले हैं।
ई-मेल की शुरुआत "हरियाणा बनेगा खालिस्तान" जैसे शब्दों से की गई है। इसमें दावा किया गया है कि हरियाणा के कई हिंदू धार्मिक स्थल उनके निशाने पर हैं। मेल भेजने वाले ने स्वयं को खालिस्तान नेशनल आर्मी का सदस्य बताते हुए धार्मिक और सरकारी संस्थानों पर हमले की धमकी दी है।
धमकी में यह भी कहा गया है कि 5 और 6 जून को चंडीगढ़, अंबाला और दिल्ली के बीच रेलवे ट्रैक पर IED विस्फोट किए जाएंगे। ई-मेल में लोगों को यात्रा न करने और अपने बच्चों को सुरक्षित रखने जैसी चेतावनियां भी दी गई हैं।
मेल में कई बार "बदला, बदला, बदला" शब्द का उल्लेख किया गया है। इसमें 1984 में ऑपरेशन ब्लू स्टार के दौरान हुई सैन्य कार्रवाई का जिक्र करते हुए 6 जून को बदला लेने की बात कही गई है। हालांकि सुरक्षा एजेंसियां इस ई-मेल की सत्यता और स्रोत की जांच में जुटी हुई हैं।
धमकी मिलने के बाद हरियाणा पुलिस, खुफिया एजेंसियों और रेलवे सुरक्षा बल को अलर्ट कर दिया गया है। धार्मिक स्थलों, सरकारी भवनों और संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई जा रही है। पुलिस साइबर माध्यम से ई-मेल भेजने वाले की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
Akhil Mahajan