समालखा में सजी करवा चौथ की पूजा, सोलह श्रृंगार का दिखा आकर्षण
समालखा में शहरी मंडल अध्यक्ष रेखा गोयल ने माताओं और बहनों के साथ करवा चौथ का व्रत धूमधाम से मनाया। सामूहिक पूजा में महिलाओं ने सोलह श्रृंगार के साथ व्रत रखकर पति की लंबी आयु की कामना की और सकारात्मक ऊर्जा का अनुभव किया।
➤ शहरी मंडल अध्यक्ष रेखा गोयल ने धूमधाम से मनाया करवा चौथ
➤ माता-बहनों संग की पूजा, सोलह श्रृंगार का पालन शुभ माना गया
➤ सामूहिक पूजा से बढ़ती है सकारात्मक ऊर्जा और सौभाग्य का प्रतीक
समालखा, अशोक शर्मा
शहरी मंडल अध्यक्ष रेखा गोयल ने नगर की माताओं और बहनों के साथ पारंपरिक आस्था और उत्साह के साथ करवा चौथ का व्रत मनाया। इस अवसर पर रेखा गोयल ने बताया कि करवा चौथ का व्रत हिंदू धर्म में विवाहित महिलाओं के लिए अत्यंत पवित्र और शुभ माना जाता है। यह व्रत पति की लंबी आयु, अच्छे स्वास्थ्य और दांपत्य जीवन की समृद्धि के लिए किया जाता है। उन्होंने कहा कि करवा चौथ के दिन सोलह श्रृंगार करना अत्यंत शुभ और अनिवार्य होता है, क्योंकि यह सौभाग्य का प्रतीक माना गया है।
रेखा गोयल ने आगे कहा कि अगर संभव हो, तो विवाहित महिलाएं सामूहिक रूप से पूजा करें, क्योंकि सामूहिक रूप से की गई पूजा से सकारात्मक ऊर्जा और पुण्य दोनों ही बढ़ते हैं। उन्होंने बताया कि इस व्रत में दिनभर निर्जला रहकर महिलाएं अपने पति की दीर्घायु के लिए व्रत रखती हैं और चांद को अर्घ्य देकर व्रत का समापन करती हैं।
इस मौके पर नगर की कई महिलाएं पारंपरिक परिधानों और सोलह श्रृंगार से सजी धजी नजर आईं। सभी ने एकजुट होकर पूजा-अर्चना की और एक-दूसरे को शुभकामनाएँ दीं। इस अवसर पर कांता गोयल, पूजा गोयल, अदिति जैन, शशि जैन, मंजू जैन, सविता सहित अन्य महिलाएं उपस्थित रहीं। माहौल में भक्ति, उत्साह और सौहार्द का भाव देखने को मिला।
Author1