स्पेन में साइकिल चला रहा था हरियाणा का युवक, अचानक चक्कर आया और मौत
करनाल के कैमला गांव निवासी मुकेश कुमार की स्पेन में फूड डिलीवरी के दौरान हार्ट अटैक से मौत हो गई। एक साल पहले शादी की थी और तीन महीने पहले पत्नी संग स्पेन गया था।
➤ करनाल के युवक मुकेश कुमार की स्पेन में साइकिल चलाते समय मौत
➤ पहाड़ी इलाके में फूड डिलीवरी के दौरान हार्ट अटैक आने की आशंका
➤ एक साल पहले लव मैरिज, तीन महीने पहले पत्नी संग गया था स्पेन
हरियाणा के करनाल जिले के कैमला गांव निवासी युवक मुकेश कुमार की स्पेन में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मुकेश साइकिल पर फूड डिलीवरी करने जा रहा था। बताया गया कि पहाड़ी इलाके में चढ़ाई के दौरान घबराहट होने के बाद वह सड़क पर गिर पड़ा। आसपास मौजूद लोगों ने उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक मुकेश कुमार हाल ही में अपनी पत्नी के साथ स्पेन के बार्सिलोना शहर में रह रहा था। डॉक्टरों के अनुसार, मुकेश को हार्ट अटैक आया था। घटना की सूचना मिलने के बाद करनाल में उसके परिजनों में मातम छा गया।
परिजनों ने बताया कि मुकेश ने एक साल पहले जींद की रहने वाली सपना से कोर्ट मैरिज की थी। शादी के बाद वह परिवार की आर्थिक स्थिति सुधारने के लिए विदेश जाना चाहता था। इसी उम्मीद में परिवार ने अपनी जमीन बेचकर मुकेश और उसकी पत्नी का टूरिस्ट वीजा कराया, जिस पर करीब 20 लाख रुपए खर्च हुए।
परिवार के अनुसार, 16 अक्टूबर को मुकेश और सपना स्पेन पहुंचे थे। शुरुआत में उन्होंने लेबर का काम किया। बाद में मुकेश को एक स्टोर में नौकरी मिली, लेकिन कुछ समय बाद नौकरी छूट गई। नई नौकरी न मिलने पर उसने एक रेस्टोरेंट के जरिए फूड डिलीवरी का काम शुरू कर दिया। उसकी पत्नी भी उसी रेस्टोरेंट में काम कर रही थी।
मृतक के पिता देवी सिंह ने बताया कि मंगलवार रात को स्पेन से बहू सपना का फोन आया। उसने बताया कि डिलीवरी के दौरान ऊंचाई वाले रास्ते पर चढ़ते समय मुकेश को घबराहट हुई और अचानक हार्ट अटैक आ गया। फिलहाल स्पेन में सपना अकेली रह गई है।
परिजनों ने बताया कि मुकेश का शव अभी अस्पताल में रखा हुआ है। शव को भारत लाने के लिए कागजी कार्रवाई और खर्च की जरूरत है, जो बिना मदद के संभव नहीं हो पा रहा। मुकेश परिवार की सबसे बड़ी उम्मीद था और उसकी मौत से पूरा परिवार सदमे में है।
Akhil Mahajan