अमेरिका में जिंदा जला पानीपत का युवक , मौत
हरियाणा के करनाल के 24 वर्षीय युवक अमित कुमार की अमेरिका में दर्दनाक हादसे में मौत हो गई। अर्कनास आई-40 हाईवे पर ओवरसाइज ट्रक की टक्कर से ट्रक में ब्लास्ट हुआ और आग लग गई। हादसे से 15 मिनट पहले ही अमित ने भाई से फोन पर बात की थी।
- अमेरिका के अर्कनास आई-40 हाईवे पर हादसे में करनाल के युवक की मौत
- ओवरसाइज ट्रक से टक्कर के बाद ट्रक में ब्लास्ट, आग का गोला बना वाहन
- जमीन बेचकर डंकी रूट से अमेरिका भेजा था परिवार, 15 मिनट पहले की थी भाई से बात
हरियाणा के करनाल जिले का रहने वाला 24 वर्षीय युवक अमित कुमार अमेरिका में दर्दनाक हादसे का शिकार हो गया। अर्कनास आई-40 हाईवे पर मंगलवार सुबह हुए इस हादसे में अमित की ट्रक समेत जिंदा जलकर मौत हो गई। ट्रक में आग लगने के बाद वह बाहर नहीं निकल सका। हादसे के बाद पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक पूरा ट्रक आग की लपटों में राख हो चुका था।
मूल रूप से पानीपत के कुराना गांव का रहने वाला अमित पिछले दो दशकों से परिवार के साथ करनाल की नई अनाज मंडी के पास रह रहा था। पिता के निधन के बाद मां ने दोनों बेटों की परवरिश की। बड़े भाई अंकित 2016 में डंकी रूट से अमेरिका गए और वहीं बस गए। अमित ने भी अमेरिका जाने की जिद की और परिवार ने जमीन बेचकर करीब 60 लाख रुपए खर्च कर उसकी इच्छा पूरी की। सात महीने की जद्दोजहद के बाद 2023 में वह भी अमेरिका पहुंचा।
शुरुआत में स्टोर पर काम करने के बाद अमित ने ट्रक ड्राइविंग का लाइसेंस लिया और बड़े भाई के साथ ट्रक ड्राइवर के रूप में काम करने लगा। हादसे के दिन वह ट्रक खाली करके लौट रहा था। अमेरिकी समयानुसार सुबह करीब 9:30 बजे अर्कनास आई-40 हाईवे के एक्जिट 166 पर एक ओवरसाइज लोडेड ट्रक ने उसके ट्रक को दाहिनी ओर से जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद अमित का ट्रक सड़क किनारे पेड़ों से जा टकराया। उसी दौरान डीजल टैंक ब्लास्ट हो गया और ट्रक आग का गोला बन गया। कुछ ही मिनटों में आग ने पूरे ट्रक को घेर लिया और अमित जिंदा ही उसमें फंस गया।
सबसे दर्दनाक पहलू यह है कि हादसे से महज 15 मिनट पहले ही अमित ने अपने भाई से फोन पर बात की थी। उसने बताया था कि ट्रक खाली कर दिया है और डीजल डलवा लिया है। किसी को अंदाजा नहीं था कि यह बातचीत उसकी आखिरी कॉल साबित होगी।
हादसे के बाद पुलिस ने जले हुए शरीर के हिस्सों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है। अधिकारियों ने कहा है कि डीएनए रिपोर्ट आने के बाद ही शव परिजनों को सौंपा जाएगा, जिसमें 5 से 6 दिन लग सकते हैं।
परिवार में कोहराम मचा हुआ है। मां और भाई का रो-रोकर बुरा हाल है। करनाल में घर पर रिश्तेदार और परिचित लगातार पहुंच रहे हैं। अमित के सपनों को पूरा करने के लिए परिवार ने सब कुछ दांव पर लगाया था, लेकिन अब उनकी उम्मीदें दर्दनाक हादसे के साथ ही खत्म हो गई हैं।
Akhil Mahajan