करनाल में पेट्रोल पंप पर पिस्तौल तान लूट की कोशिश, फायरिंग से मचा हड़कंप

करनाल के तरावड़ी में पेट्रोल पंप पर लूट की कोशिश के दौरान बदमाश ने पिस्तौल तानकर फायरिंग की। धक्का-मुक्की में गोली हवा में चली और आरोपी फरार हो गया।

करनाल में पेट्रोल पंप पर पिस्तौल तान लूट की कोशिश, फायरिंग से मचा हड़कंप

पेट्रोल पंप पर पिस्तौल तानकर लूट की कोशिश
धक्का-मुक्की में चली गोली, बाल-बाल बचा सेल्समैन
फायरिंग के बाद बाइक सवार आरोपी मौके से फरार


करनाल जिले के तरावड़ी क्षेत्र में जीटी रोड स्थित चौधरी पेट्रोल पंप पर शुक्रवार को लूट की कोशिश का सनसनीखेज मामला सामने आया। एक बाइक सवार युवक पेट्रोल डलवाने के बहाने पंप पर पहुंचा और अचानक पिस्तौल निकालकर सेल्समैन को धमकाने लगा

जानकारी के अनुसार आरोपी ने पहले 100 रुपये का पेट्रोल डलवाया और पैसे भी दिए। इसके तुरंत बाद उसने हथियार निकालकर सेल्समैन सुरेश कुमार पर तान दिया और कैश लूटने की कोशिश की। अचानक हुए इस घटनाक्रम से मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

सेल्समैन ने जब विरोध किया तो दोनों के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई। इसी दौरान आरोपी ने फायर कर दिया, लेकिन राहत की बात यह रही कि गोली हवा में चली और कोई घायल नहीं हुआ

फायरिंग के बाद आरोपी तुरंत अपनी बाइक पर सवार होकर तरावड़ी की ओर फरार हो गया। घटना के बाद पेट्रोल पंप पर दहशत का माहौल बन गया और लोग इधर-उधर भागने लगे।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। थाना प्रभारी राजपाल ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपी की पहचान की जा सके। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।