ब्यूटी पार्लर और रिहायशी मकान पर अंधाधुंध फायरिंग, रात एक बजे वारदात को अंजाम दे फरार हुए हमलावर
करनाल में देर रात बदमाशों ने ब्यूटी पार्लर और उससे जुड़े घर पर फायरिंग कर दी। 4–5 राउंड गोलियां चलने से इलाके में दहशत फैल गई। पुलिस ने केस दर्ज कर CCTV फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है।
➤ रात करीब 1 बजे बदमाशों ने 4–5 राउंड फायर कर दहशत फैलाई
➤ ब्यूटी पार्लर के शटर और ऊपर बने घर को बनाया गया निशाना
➤ पुलिस ने खोखे बरामद किए, CCTV फुटेज खंगालने में जुटी
करनाल शहर में देर रात फायरिंग की एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। अज्ञात बदमाशों ने एक ब्यूटी पार्लर और उससे जुड़े रिहायशी मकान को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। वारदात रात करीब 1 बजे की बताई जा रही है, जब पूरा इलाका नींद में था। अचानक गोलियों की आवाज से लोगों की नींद खुल गई और मोहल्ले में हड़कंप मच गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बदमाश सीधे ब्यूटी पार्लर के सामने पहुंचे और शटर की तरफ फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद उन्होंने पार्लर से सटे घर की ओर भी गोलियां चलाईं। 4 से 5 राउंड फायर करने के बाद हमलावर अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। राहत की बात यह रही कि घटना में कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन गोलियों के निशान साफ तौर पर शटर और दीवारों पर देखे गए।
पहली बार ऐसी घटना, परिवार दहशत में
स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस घर को निशाना बनाया गया, उसका बेटा विदेश में रहता है। घटना के समय घर में उसकी मां राजपती और पत्नी सीमा मौजूद थीं। अचानक हुई फायरिंग से परिवार बुरी तरह सहम गया।
मोहल्ले के लोगों ने बताया कि उनके इलाके में इस तरह की फायरिंग की यह पहली घटना है। देर रात गोलियों की आवाज सुनकर बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग काफी डर गए और कई घरों में लाइटें जल उठीं।
नीचे बने ब्यूटी पार्लर को किराये पर दिया गया है। सुबह होते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और स्थिति को लेकर चिंता और आक्रोश दोनों नजर आए। सूचना मिलने पर कुछ स्थानीय नेता भी मौके पर पहुंचे।
पुलिस जांच में जुटी, CCTV खंगाले जा रहे
घटना की सूचना मिलते ही सेक्टर 32–33 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से खाली कारतूस (खोखे) बरामद किए हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि बदमाशों की पहचान की जा सके।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है और हर पहलू से जांच की जा रही है।
तीन साल पहले विदेश गया था घर का बेटा
जानकारी के अनुसार जिस घर पर फायरिंग हुई, वह बलकार लाठर का है। बलकार करीब तीन साल पहले डंकी रूट के जरिए अमेरिका गया था, जिस पर उसने 40–50 लाख रुपये खर्च किए थे। वह फिलहाल अमेरिका में ड्राइवर का काम करता है।
फिलहाल किसी तरह की रंजिश या फिरौती से जुड़ा मामला सामने नहीं आया है। पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है कि फायरिंग के पीछे मकसद क्या था।
Akhil Mahajan