करनाल के शुभम की नहर में मिली लाश, मारपीट के बाद हुआ था गायब आखिरी कॉल में बोला- नहर पर हूं, कुछ घंटे बाद मिली मौत

करनाल के 25 वर्षीय शुभम का शव सफीदों के पास नहर से मिला। मारपीट के बाद लापता हुआ था युवक, आखिरी कॉल में नहर किनारे होने की बात कही थी।

करनाल के शुभम की नहर में मिली लाश, मारपीट के बाद हुआ था गायब  आखिरी कॉल में बोला- नहर पर हूं, कुछ घंटे बाद मिली मौत

■ करनाल से लापता 25 वर्षीय शुभम का शव सफीदों नहर से बरामद
■ मारपीट के बाद गायब हुआ था युवक, ससुर समेत कई लोगों पर आरोप
■ आखिरी कॉल में बोला था- नहर किनारे बैठा हूं, फिर फोन बंद


करनाल जिले में संदिग्ध हालात में लापता हुए 25 वर्षीय युवक शुभम का शव सफीदों के पास नहर से बरामद हुआ है। युवक 26 फरवरी की रात मारपीट की घटना के बाद से गायब था। उसकी बाइक पहले ही पश्चिमी यमुना नहर किनारे मिली थी। अब शव मिलने के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है और परिजन शिनाख्त व पोस्टमार्टम की प्रक्रिया के लिए रवाना हो गए हैं।

मृतक शुभम की फाइल फोटो। - Dainik Bhaskar

जानकारी के अनुसार, करनाल की शिव कॉलोनी निवासी शुभम सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करता था। उसकी शादी तीन साल पहले हुई थी और वह एक बच्चे का पिता था। शुभम की मां ने आरोप लगाया कि 26 फरवरी को उसके बेटे को करीब 10 लोगों ने बेरहमी से पीटा, जिनमें उसका ससुर, एक पड़ोसी और अन्य लोग शामिल थे। मारपीट में तीन महिलाओं के भी शामिल होने का आरोप है। परिवार का कहना है कि शुभम को पूरी कॉलोनी में दौड़ा-दौड़ा कर पीटा गया।

परिजनों के मुताबिक, आरोपी शुभम को बाद में घर छोड़ने आए और वहां भी मारपीट की। जब मां ने बेटे को बचाने की कोशिश की तो उसे कमरे में बंद कर दिया गया। घर में तोड़फोड़ का भी आरोप लगाया गया है।

शुभम की मां ने यह भी कहा कि उसका ससुर रोजाना उसे शराब पिलाने के लिए साथ ले जाता था। 26 फरवरी की रात करीब 9 बजे ससुर का फोन आया और वह शुभम को अपने साथ ले गया। रात करीब 12 बजे शुभम ने अपने छोटे भाई को आखिरी कॉल कर बताया कि वह नहर किनारे बैठा है। इसके बाद उसका फोन बंद हो गया।

नहर पर तलाश करते शुभम की परिजन।

लापता होने के बाद परिजन तलाश करते हुए पश्चिमी यमुना नहर तक पहुंचे, जहां उसकी बाइक खड़ी मिली। पुलिस को सूचना दी गई, लेकिन परिवार का आरोप है कि सर्च ऑपरेशन को लेकर गंभीरता नहीं दिखाई गई। बाद में परिजनों ने गोताखोर प्रगट सिंह की मदद ली। कई दिनों की तलाश के बाद शुभम का शव सफीदों के पास नहर से बरामद हुआ। फोटो के जरिए परिजनों ने पहचान की पुष्टि की।

अब शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा और रिपोर्ट आने के बाद मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।