करनाल में बदमाशों का एनकाउंटर: पुलिसकर्मी की छाती किया फायर, जवाबी कार्रवाई में दोनों गैंगस्‍टर घायल, पिस्टल और 100 गोलियां बरामद

करनाल में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ में दो आरोपी घायल होकर गिरफ्तार हुए। पुलिस पर फायरिंग की गई, 2 पिस्टल और 100 गोलियां बरामद हुईं।

करनाल में बदमाशों का एनकाउंटर: पुलिसकर्मी की छाती किया फायर, जवाबी कार्रवाई में दोनों गैंगस्‍टर घायल, पिस्टल और 100 गोलियां बरामद

करनाल में देर रात पुलिस-बदमाश मुठभेड़, दोनों आरोपी घायल
पुलिसकर्मी पर फायर, बुलेटप्रूफ जैकेट ने बचाई जान
दो पिस्टल और 100 से ज्यादा गोलियां बरामद, गैंग कनेक्शन की जांच


हरियाणा के करनाल में रविवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में दो आरोपियों को गोली लगने के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। यह एनकाउंटर घरौंडा क्षेत्र में हुआ, जहां पुलिस को गुप्त सूचना के आधार पर नाका लगाकर कार्रवाई करनी पड़ी।

पुलिस के अनुसार, 12 अप्रैल रात करीब 10:30 बजे सीआईए-2 टीम को सूचना मिली थी कि दो बदमाश अवैध हथियारों के साथ बाइक पर सवार होकर किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने के इरादे से करनाल की ओर आ रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने मुनक रोड पर नाकाबंदी कर दी।

मौके से बरामद हथियार और जांच करती पुलिस।

कुछ देर बाद बाइक पर सवार दो युवक दिखाई दिए, जिन्होंने अपने चेहरे ढके हुए थे। पुलिस को देखते ही उन्होंने भागने की कोशिश की और रास्ता बदलकर दाहा बजीदा रोड की ओर मुड़ गए। पुलिस ने पीछा किया तो बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी।

फायरिंग के दौरान एक गोली पुलिसकर्मी मनोज की छाती पर लगी, लेकिन उन्होंने बुलेटप्रूफ जैकेट पहन रखी थी, जिससे उनकी जान बच गई। दूसरी गोली एक अन्य पुलिसकर्मी के सिर के ऊपर से निकल गई। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने पहले चेतावनी दी और हवाई फायर किए, लेकिन जब बदमाश नहीं रुके तो उनकी टांगों को निशाना बनाकर गोली चलाई गई।

वारदात के बाद मौके पर पहुंची पुलिस।

गोली लगने से दोनों बदमाश घायल हो गए, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें मौके पर ही काबू कर लिया। तलाशी लेने पर उनके पास से दो अवैध पिस्टल, 100 से ज्यादा जिंदा कारतूस और एक बाइक बरामद हुई।

घटना के बाद दोनों आरोपियों को करनाल के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। एफएसएल टीम ने मौके से सबूत जुटाए और पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस ने आरोपियों की पहचान रौनक (निवासी जाजल, सोनीपत) और इमरान (निवासी गढ़ मलिकपुर) के रूप में की है। रौनक की बाईं टांग और इमरान की दाईं टांग में गोली लगी है।

सूत्रों के मुताबिक, दोनों बदमाशों के तार कुख्यात दीपक नांदल गैंग से जुड़े हो सकते हैं। पुलिस इस एंगल पर भी जांच कर रही है और आरोपियों से पूछताछ के दौरान गैंग से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जाएगी।

सब इंस्पेक्टर लछमण सिंह के अनुसार, आरोपियों के स्वस्थ होने के बाद उन्हें कोर्ट में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा। पूछताछ में यह भी पता लगाया जाएगा कि अवैध हथियार कहां से आए और किस वारदात को अंजाम देने की योजना थी।