हरियाणा में बुजुर्ग दंपती की बेरहमी से ह*त्या
करनाल के असंध में बुजुर्ग दंपती की गला घोंटकर हत्या कर दी गई। हाथ-पैर बांधकर मुंह पर टेप लगाई गई थी। पुलिस लूट की संभावना से इनकार कर रही है।
• करनाल के असंध में बुजुर्ग दंपती की गला घोंटकर हत्या, हाथ-पैर बांधकर मुंह पर टेप लगाई
• घर में सामान बिखरा मिला, पोते के पहुंचने पर जमीन पर पड़ी थीं दोनों की लाशें
• पुलिस के अनुसार लूट का मामला नहीं, हत्या की वजह जांच के बाद होगी साफ
हरियाणा के करनाल जिले के असंध कस्बे में सोमवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक बुजुर्ग दंपती की निर्मम हत्या का मामला सामने आया। असंध के BDPO ऑफिस वाली गली में स्थित मकान के अंदर दंपती के हाथ-पैर बंधे हुए और मुंह पर टेप लगी हालत में शव जमीन पर पड़े मिले। घटना का खुलासा उस वक्त हुआ, जब दंपती का पोता सुबह घर पहुंचा।
सूचना मिलते ही ASP दीपिका अग्रवाल, DSP गोरखपाल राणा और असंध थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल को सील कर डॉग स्क्वायड और जांच टीमों को बुलाया गया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया है।
मृतकों की पहचान हरि सिंह (80) और उनकी पत्नी लीला (75) के रूप में हुई है। हरि सिंह पहले नंबरदार रह चुके थे और मूल रूप से कारसा गांव के निवासी थे। वे करीब 40 वर्षों से असंध में रह रहे थे और कबाड़ का काम करते थे। उनके दो बेटे हैं, जिनमें से एक रत्तक रोड पर रहता है, जबकि दूसरा उनके पड़ोस में ही रहता है।
परिजनों के अनुसार, हरि सिंह का पोता रोहित उनके साथ काम करता था। रविवार को वह किसी काम से बाहर गया हुआ था। सोमवार सुबह करीब साढ़े 9 बजे जब वह घर लौटा तो दरवाजे पर हल्का सा कुंडा लगा हुआ था। अंदर प्रवेश करते ही उसे कमरे में सामान बिखरा हुआ दिखाई दिया।
रोहित ने बताया कि वह घबराकर बाहर आया और तुरंत अपने चाचा को बुलाया। जब दोनों अंदर पहुंचे तो देखा कि लीला और हरि सिंह की लाशें जमीन पर पड़ी थीं। दोनों के हाथ-पैर बंधे हुए थे और शरीर अकड़ा हुआ था। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।.
मृतक दंपती के दूसरे पोते नितिन ने बताया कि परिवार का किसी के साथ कोई झगड़ा नहीं था। उनके अनुसार, दादा के मुंह पर टेप लगी हुई थी, जबकि दादी के मुंह से खून निकल रहा था। घर की कुंडी बाहर से लगाई गई थी और कपड़े अंदर इधर-उधर बिखरे हुए थे। सुबह सूचना मिलने के बाद पूरे परिवार को बुलाया गया।
पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों बुजुर्ग पहले बरामदे में लेटे हुए थे, जहां से उन्हें घसीटकर अंदर कमरे में ले जाया गया। यहीं पर दोनों का गला घोंटकर हत्या की गई। इसके बाद हाथ-पैर बांधकर मुंह पर टेप लगाई गई।
DSP गोरखपाल राणा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह मामला लूट का नहीं लग रहा है। अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि वारदात में कितने लोग शामिल थे। CIA की टीमें आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही हत्या की असली वजह सामने आएगी।
घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। बुजुर्ग दंपती की इस तरह से हत्या ने स्थानीय लोगों को झकझोर कर रख दिया है। पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है और हत्यारों की तलाश जारी है।
Akhil Mahajan