अमेरिका हादसे में मौत, 16 दिन बाद शेरगढ़ पहुंचा युवक का शव

कैथल के गांव शेरगढ़ निवासी 27 वर्षीय युवक की अमेरिका में सड़क हादसे में मौत हो गई। कैलिफोर्निया में ट्रक चलाने वाले युवक का शव 16 दिन बाद गांव पहुंचा।

अमेरिका हादसे में मौत, 16 दिन बाद शेरगढ़ पहुंचा युवक का शव

  • अमेरिका में सड़क हादसे में 27 वर्षीय युवक की मौत

  • 16 दिन बाद गांव शेरगढ़ पहुंचा शव

  • कैलिफोर्निया में ट्रक चलाने का काम करता था युवक



कैथल जिले के गांव शेरगढ़ निवासी 27 वर्षीय टिंकू की अमेरिका में सड़क हादसे में मौत के बाद सोमवार को 16 दिन बाद उसका शव गांव पहुंचा। शाम को गांव में ही युवक का अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम संस्कार में बड़ी संख्या में ग्रामीणों और सामाजिक संस्थाओं से जुड़े लोग मौजूद रहे।

परिजनों के अनुसार टिंकू की 28 दिसंबर को कैलिफोर्निया अमेरिका में एक सड़क हादसे में मौत हो गई थी। मृतक के चाचा ओमप्रकाश ने बताया कि टिंकू करीब दो साल पहले ही अमेरिका गया था। परिवार ने लगभग 40 लाख रुपये खर्च कर उसे बेहतर भविष्य की उम्मीद में अमेरिका भेजा था।

चाचा ओमप्रकाश ने बताया कि परिवार को उम्मीद थी कि टिंकू की कमाई से हालात सुधरेंगे, लेकिन उसकी मौत ने परिवार को गहरा आघात पहुंचाया। उन्होंने बताया कि शव को भारत लाने में भी करीब इतनी ही राशि खर्च करनी पड़ी।

परिजनों ने बताया कि टिंकू अमेरिका में ट्रक चलाने का काम करता था। 28 दिसंबर को ट्रक की किसी अज्ञात वाहन से टक्कर हो गई थी, जिसमें उसकी मौके पर ही मौत हो गई। टिंकू डोंकी के रास्ते अमेरिका गया था और घर में अकेला कमाने वाला था।

टिंकू अविवाहित था और दो भाइयों में से एक था। दूसरा भाई गांव में ही रहता है। माता-पिता की पहले ही मौत हो चुकी है, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

शव को भारत लाने के लिए सोशल मीडिया के माध्यम से भी लोगों से मदद की अपील की गई थी। अमेरिका की एक संस्था से भी सहयोग लिया गया। अंतिम संस्कार के दौरान पूरे गांव में मातम पसरा रहा और लोगों ने नम आंखों से युवक को अंतिम विदाई दी।