शर्मनाक: हरियाणा में शहीद की प्रतिमा खंडित, सिर धड़ से किया अलग
कैथल के गांव बालू में 1962 युद्ध के शहीद कर्मचंद की प्रतिमा को अज्ञात लोगों ने खंडित कर दिया। घटना के बाद ग्रामीणों में भारी रोष है और पुलिस जांच में जुटी है।
अज्ञात लोगों ने प्रतिमा की गर्दन धड़ से अलग की
1962 युद्ध के शहीद का अपमान होने से गांव में भारी रोष
कैथल: हरियाणा के कैथल जिले के गांव बालू की गादडा पट्टी में स्थापित 1962 युद्ध के शहीद सिपाही कर्मचंद की प्रतिमा को खंडित करने का मामला सामने आया है। रात के अंधेरे में अज्ञात शरारती तत्वों ने प्रतिमा को नुकसान पहुंचाया। प्रतिमा की गर्दन को धड़ से अलग कर नीचे गिरा दिया गया, जिससे पूरे गांव में भारी रोष फैल गया है।
घटना की जानकारी सुबह लोगों को उस समय लगी जब ग्रामीण किसान रोड पर स्थित प्रतिमा स्थल पर पहुंचे। वहां प्रतिमा क्षतिग्रस्त हालत में मिली। शहीद की प्रतिमा के साथ हुई इस घटना के बाद ग्रामीणों और पूर्व सैनिकों में नाराजगी बढ़ गई। गांव पंचायत ने मामले को गंभीर बताते हुए तुरंत पुलिस प्रशासन को शिकायत दी है।
गांव के सरपंच दिनेश कुमार ने कलायत थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि गांव के सिपाही कर्मचंद वर्ष 1962 की लड़ाई में देश के लिए शहीद हुए थे। उनकी याद में गांव में प्रतिमा स्थापित की गई थी, लेकिन किसी अज्ञात व्यक्ति ने शहीद की प्रतिमा को खंडित कर दिया। सरपंच ने आरोपियों का जल्द पता लगाकर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीणों के अनुसार शरारती तत्वों ने प्रतिमा की गर्दन को धड़ से अलग कर फर्श पर गिरा दिया। इस घटना को लेकर लोगों में गहरा आक्रोश है। गांव के बुजुर्गों और युवाओं का कहना है कि शहीदों का सम्मान पूरे देश की जिम्मेदारी है और ऐसी घटनाएं समाज के लिए बेहद दुर्भाग्यपूर्ण हैं।
बता दें कि शहीद कर्मचंद की इस प्रतिमा का अनावरण वर्ष 2024 में जिला पार्षद करमबीर कौल द्वारा किया गया था। प्रतिमा के चारों ओर सुरक्षा के लिए ग्रिल भी लगाई गई थी, लेकिन इसके बावजूद शरारती तत्वों ने रात के समय घटना को अंजाम दे दिया।
घटना के बाद गांव के लोगों ने प्रशासन से आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे बड़ा आंदोलन भी कर सकते हैं।
मामले को लेकर कलायत थाना के एसएचओ सुभाष चंद ने बताया कि गांव के सरपंच की ओर से शिकायत प्राप्त हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आसपास के क्षेत्र के सीसीटीवी कैमरों व अन्य सुरागों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि जल्द ही दोषियों का पता लगाकर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
Akhil Mahajan