स्पा सेंटर की आड़ में चल रहा था गंदा काम, पुलिस ने छापा मारकर आपत्तिजनक हालत में पकड़े युवक-युवतियां , संचालिका समेत 7 हिरासत में

कैथल के क्रिस्टल स्पा सेंटर पर पुलिस ने छापा मारकर संचालिका समेत सात लोगों को हिरासत में लिया। पुलिस कथित अनैतिक गतिविधियों और पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है।

स्पा सेंटर की आड़ में चल रहा था गंदा काम,  पुलिस ने छापा मारकर आपत्तिजनक हालत में पकड़े युवक-युवतियां , संचालिका समेत 7 हिरासत में

कैथल में स्पा सेंटर पर पुलिस की बड़ी रेड, संचालिका समेत 7 लोग हिरासत में

तीन युवक और तीन युवतियां अलग-अलग कमरों में संदिग्ध परिस्थितियों में मिले

देह व्यापार की आशंका पर पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी


हरियाणा के कैथल में पुलिस ने अंबाला रोड स्थित क्रिस्टल स्पा सेंटर पर बड़ी कार्रवाई करते हुए छापा मारा। पुलिस को सूचना मिली थी कि स्पा सेंटर की आड़ में कथित रूप से अनैतिक गतिविधियां संचालित की जा रही हैं और जिले के बाहर से युवतियों तथा महिलाओं को बुलाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से रेड की कार्रवाई को अंजाम दिया।

जानकारी के अनुसार, सिविल लाइन थाना और महिला थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने शाम के समय स्पा सेंटर पर अचानक दबिश दी। जांच के दौरान पुलिस को तीन अलग-अलग कमरों में तीन युवक और तीन युवतियां संदिग्ध परिस्थितियों में मिले। इसके बाद पुलिस ने मौके पर मौजूद सभी लोगों को हिरासत में ले लिया। कार्रवाई के दौरान स्पा सेंटर की संचालिका को भी पुलिस ने अपने कब्जे में लिया।

रेड की सूचना फैलते ही स्पा सेंटर के बाहर लोगों की भीड़ जमा हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्थिति को देखते हुए पुलिस ने पकड़े गए युवकों को मुख्य रास्ते के बजाय दूसरे रास्ते से बाहर निकाला। पुलिस को आशंका थी कि भीड़ के कारण कानून व्यवस्था प्रभावित हो सकती है।

मौके पर कार्रवाई का नेतृत्व कर रहे डीएसपी बीरभान ने बताया कि पुलिस को लंबे समय से स्पा सेंटर में कथित देह व्यापार संचालित होने की सूचना मिल रही थी। इसी सूचना के आधार पर संयुक्त टीम गठित कर छापेमारी की गई।

डीएसपी ने बताया कि मामले में अनैतिक देह व्यापार से संबंधित धाराओं के तहत स्पा सेंटर संचालक और अन्य जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। पुलिस हिरासत में लिए गए सभी लोगों से पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस पूरे नेटवर्क के पीछे कौन लोग शामिल हैं और इसकी जड़ें कहां तक फैली हुई हैं।

पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही जिले के लोगों से अपील की गई है कि यदि कहीं भी इस प्रकार की गतिविधियों की जानकारी मिले तो उसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।