BLO ने BJP बूथ एजेंट को दिखाई चप्पल, कैमरा ऑन होते ही बढ़ा विवाद
जींद के नरवाना में BJP बूथ एजेंट और BLO के बीच वोट बनवाने को लेकर विवाद हुआ। चप्पल दिखाने का वीडियो सामने आया, दोनों पक्षों ने शिकायत दी।
➤ जींद में BJP बूथ एजेंट और BLO के बीच विवाद, चप्पल दिखाने का वीडियो सामने आया
➤ BLA का आरोप- वोट बनाने से मना किया, BLO बोलीं- बदतमीजी करने वाले का काम नहीं करूंगी
➤ मामले की शिकायत SDM को दी गई, BLO ने भी पुलिस से निष्पक्ष जांच की मांग की
हरियाणा के जींद जिले के नरवाना में भाजपा के बूथ लेवल एजेंट (BLA) और लेडी बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) के बीच विवाद का मामला सामने आया है। विवाद के दौरान महिला BLO द्वारा हाथ में चप्पल दिखाने का वीडियो सामने आया है। BLA ने आरोप लगाया है कि वह वोट बनवाने के लिए नरवाना के आर्य कन्या कॉलेज स्थित बूथ पर पहुंचे थे, लेकिन BLO ने वोट बनाने से मना कर दिया।
BLA के मुताबिक, जब उन्होंने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाना शुरू किया तो महिला BLO ने कथित तौर पर कहा कि चाहे SDM ऑफिस या प्रधानमंत्री ऑफिस चले जाएं, वह वोट नहीं बनाएंगी। दूसरी ओर, वीडियो में BLO BLA पर उनके साथ बदतमीजी करने का आरोप लगाती दिखाई दे रही हैं। वह वीडियो में FIR दर्ज कराने की बात भी कह रही हैं।मामले को लेकर SDM को शिकायत दी गई है। वहीं, इस संबंध में जब SDM जगदीश चंद्र से बात करने की कोशिश की गई तो उन्होंने कॉल रिसीव नहीं की।
BLA का आरोप- मोहल्ले के व्यक्ति का वोट बनवाने गए थे
BLA-2 जोगिंद्र सैनी ने आरोप लगाया कि वह अपने मोहल्ले के एक व्यक्ति का वोट बनवाने के लिए बूथ नंबर 142 पर गए थे। उन्होंने बताया कि संबंधित व्यक्ति के माता-पिता का निधन हो चुका है। इसी बात को लेकर बातचीत के दौरान महिला BLO अनिल ने उनके साथ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया।
जोगिंद्र सैनी का आरोप है कि बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया और महिला BLO ने चप्पल निकालकर उन्हें मारने की कोशिश की। उनका यह भी कहना है कि उन्हें सार्वजनिक रूप से बेइज्जत किया गया। BLA ने पूरे मामले की जांच कराने और BLO के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
वीडियो में दोनों के बीच हुई तीखी बातचीत
सामने आए वीडियो में BLA और BLO के बीच तीखी बातचीत सुनाई दे रही है। BLA पूछते हैं कि उन्होंने क्या गलत कहा, जिस पर BLO बूथ पर आकर बदतमीजी करने का आरोप लगाती हैं। इसके बाद दोनों के बीच सवाल-जवाब का सिलसिला चलता है।
बातचीत के दौरान BLO कहती हैं कि जो उनके साथ बदतमीजी करेगा, वह उसका काम बिल्कुल नहीं करेंगी। इसी दौरान वह SDM ऑफिस या प्रधानमंत्री ऑफिस जाने की बात भी कहती हैं। वीडियो में आगे वह चप्पल हाथ में निकालती दिखाई देती हैं। BLA इस पर चप्पल निकालने की बात कहते हैं, जबकि BLO उन्हें वहां आने के लिए कहती सुनाई देती हैं। इस घटनाक्रम का वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा में आ गया है।
BLO बोलीं- मान-सम्मान की बात आई तो चप्पल हाथ में निकाल ली
वहीं, BLO अनिल ने अपने ऊपर लगाए गए आरोपों के संबंध में कहा कि मौके पर उनके साथ भी बदतमीजी की गई थी। उन्होंने बताया कि इस संबंध में उन्होंने रविवार को ही सिटी थाने में शिकायत दी थी।
BLO का कहना है कि वह अपनी ड्यूटी कर रही थीं और किसी के साथ विवाद करना उनका उद्देश्य नहीं था। उनके अनुसार, जब मामला उनके मान-सम्मान तक पहुंचा और उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया तो गुस्से में उन्होंने चप्पल हाथ में निकाल ली।
हालांकि, BLO ने स्पष्ट किया कि उनका किसी को चप्पल मारने का इरादा नहीं था। उन्होंने पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
दोनों पक्षों के आरोपों के बीच जांच पर टिकी नजर
इस पूरे मामले में एक ओर BLA ने वोट बनाने से मना करने और अभद्र व्यवहार का आरोप लगाया है, जबकि दूसरी ओर BLO ने BLA पर उनके साथ बदतमीजी करने की बात कही है। वीडियो में चप्पल हाथ में लिए BLO दिखाई दे रही हैं, लेकिन पूरे विवाद की वास्तविक स्थिति जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
फिलहाल मामले की शिकायत SDM को दी गई है, जबकि BLO की ओर से पुलिस में शिकायत दिए जाने की बात कही गई है। SDM जगदीश चंद्र से संपर्क नहीं हो पाने के कारण प्रशासन की ओर से इस मामले पर कोई पक्ष सामने नहीं आया है।
Akhil Mahajan 