STF की बड़ी कार्रवाई, विजय सैनी हत्याकांड का आरोपी इंद्रपाल एनकाउंटर में ढेर
झज्जर में STF और बदमाश इंद्रपाल के बीच मुठभेड़ हुई। विजय सैनी हत्याकांड का आरोपी इंद्रपाल मारा गया, जबकि इंस्पेक्टर राकेश गोली लगने से घायल हो गए।
- झज्जर में STF और बदमाश के बीच देर रात हुई मुठभेड़
- विजय सैनी हत्याकांड का आरोपी इंद्रपाल पुलिस एनकाउंटर में ढेर
- क्रॉस फायरिंग में STF इंस्पेक्टर राकेश के हाथ में लगी गोली
हरियाणा के झज्जर जिले में रविवार देर रात स्पेशल टास्क फोर्स (STF) और एक वांछित बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। दोनों तरफ से हुई फायरिंग के बाद पुलिस ने आरोपी इंद्रपाल को ढेर कर दिया। मुठभेड़ के दौरान STF के इंस्पेक्टर राकेश भी घायल हो गए, जिनके हाथ में गोली लगी है। उनका इलाज झज्जर के नागरिक अस्पताल में चल रहा है।
जानकारी के अनुसार करीब 15 दिन पहले दुजाना गांव के खेतों में विजय सैनी हत्याकांड को अंजाम दिया गया था। इस सनसनीखेज हत्या के बाद से पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी। जांच के दौरान इस मामले में इंद्रपाल का नाम भी सामने आया था और पुलिस उसकी तलाश कर रही थी।
रविवार देर रात STF को सूचना मिली कि आरोपी इंद्रपाल दुजाना गांव के आसपास मौजूद है। इसके बाद टीम ने इलाके में पहुंचकर उसकी घेराबंदी शुरू की। पुलिस अधिकारियों के अनुसार जैसे ही STF ने आरोपी को घेरने का प्रयास किया, उसने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस का कहना है कि आरोपी को पहले सरेंडर करने के लिए कहा गया था, लेकिन उसने आत्मसमर्पण करने के बजाय गोली चला दी। इसके बाद आत्मरक्षा में STF की ओर से भी जवाबी कार्रवाई की गई। दोनों ओर से हुई क्रॉस फायरिंग के दौरान एक गोली इंस्पेक्टर राकेश के हाथ में लगी, जिससे वह घायल हो गए।
इसके बाद STF ने मोर्चा संभालते हुए जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी इंद्रपाल भी गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंची, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस कमिश्नर राजश्री भी झज्जर के नागरिक अस्पताल पहुंच गईं और अधिकारियों से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। मुठभेड़ के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार इंद्रपाल विजय सैनी हत्याकांड में नामजद आरोपी था और उसे मुख्य आरोपी संजय बिरधाना का करीबी तथा राइट हैंड माना जाता था। इस मामले में पुलिस पहले ही इंद्रपाल की गर्लफ्रेंड को गिरफ्तार कर चुकी है। अब पुलिस हत्याकांड से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
Akhil Mahajan