हरियाणा में बड़ा हादसा: पराली से भरा ट्रक कार पर पलटा, पांच की मौत

झज्जर में सिलानी गांव के पास पराली से भरा ट्रक कार पर पलट गया। भीषण सड़क हादसे में कार सवार पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

हरियाणा में बड़ा हादसा: पराली से भरा ट्रक कार पर पलटा, पांच की मौत
  • झज्जर में दर्दनाक सड़क हादसा
  • पराली के भूसे से भरा ट्रक कार पर पलटा
  • पांच लोगों की मौके पर मौत


हरियाणा के झज्जर जिले में मंगलवार देर  एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ। सिलानी गांव के पास गुरुग्राम रोड पर फ्लाईओवर के नजदीक पराली के भूसे से भरा ट्रक अनियंत्रित होकर एक कार पर पलट गया। हादसा इतना भीषण था कि कार में सवार सभी पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। एसीपी सुरेन्द्र कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। कार बुरी तरह से पिचक चुकी थी, जिसके कारण शवों को बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। दो हाइड्रा मशीनों की मदद से ट्रक को हटाया गया और कार को काटकर शव बाहर निकाले गए।

मृतकों में चार उत्तर प्रदेश के प्रवासी मजदूर बताए गए हैं, जबकि एक मृतक झज्जर के सुरहा गांव का रहने वाला था। जानकारी के अनुसार सुरहा गांव निवासी रामअवतार शेटरिंग का काम करता था और ठेके लेता था। वह उटलोधा गांव में चल रहे एक निर्माण कार्य से मजदूरों को लेकर अपनी कार से झज्जर लौट रहा था।

कार में रामअवतार के अलावा उत्तर प्रदेश निवासी पिंटू, मुन्ना, अखिलेश और जयबीर सवार थे। जैसे ही कार गुरुग्राम फ्लाईओवर के पास पहुंची, रेवाड़ी की ओर से आ रहा तुड़े से भरा ट्रक अचानक असंतुलित होकर कार के ऊपर पलट गया। ट्रक के भारी वजन के कारण कार पूरी तरह से दब गई और सभी की मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर सरकारी अस्पताल भिजवाया है। हादसे के बाद इलाके में शोक की लहर है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।