दिनदहाड़े फाइनेंसर की हत्या, 14 गोलियां दागीं स्कॉर्पियो सवार बदमाशों का कहर

झज्जर के डीघल गांव में फाइनेंसर की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। स्कॉर्पियो सवार बदमाशों ने 14 राउंड फायरिंग की, घटना CCTV में कैद हुई।

दिनदहाड़े फाइनेंसर की हत्या, 14 गोलियां दागीं स्कॉर्पियो सवार बदमाशों का कहर

दिनदहाड़े फाइनेंसर की गोली मारकर हत्या
स्कॉर्पियो में आए बदमाशों ने एक मिनट में 14 राउंड फायरिंग की
CCTV में कैद वारदात, आरोपी फरार


हरियाणा के झज्जर जिले में बुधवार सुबह दिनदहाड़े एक फाइनेंसर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। डीघल गांव के सांपला रोड स्थित एक ऑफिस में करीब सवा 11 बजे यह सनसनीखेज वारदात हुई, जब फाइनेंसर अपने साथियों के साथ बैठकर ताश खेल रहा था। अचानक बिना नंबर प्लेट की काले रंग की स्कॉर्पियो में सवार तीन हथियारबंद बदमाश मौके पर पहुंचे और ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।

हमले में 26 वर्षीय साहिल उर्फ सोनू की मौके पर ही गंभीर हालत हो गई। उसे तुरंत रोहतक के कायनोस अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।फाइनेंसर की हत्या के बाद मौके पर पहुंची पुलिस की टीमें।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हमलावरों ने महज एक मिनट के भीतर करीब 14 राउंड फायरिंग की और मौके से फरार हो गए। पूरी घटना पास में लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई है, जिससे पुलिस को जांच में अहम सुराग मिलने की उम्मीद है।

CCTV फुटेज के अनुसार, सुबह करीब 11:12 बजे एक काली स्कॉर्पियो ऑफिस के बाहर आकर रुकी। गाड़ी से तीन युवक पिस्टल लेकर उतरे और ऑफिस की ओर बढ़े। इनमें से एक हमलावर ने अंदर घुसने से पहले बाहर ही टेस्टिंग फायर किया, जिससे इलाके में दहशत फैल गई।इसके बाद तीनों बदमाश ऑफिस के अंदर घुसे और लगातार गोलियां चलानी शुरू कर दीं। इस दौरान अंदर मौजूद एक युवक पीछे के रास्ते से भागने में सफल रहा, जबकि मुख्य निशाने पर साहिल रहा।झज्जर में फाइनेंसर को गोलियां मारते बदमाश CCTV कैमरे में कैद हो गए। इनसेट में मृतक साहिल की फाइल फोटो। - Dainik Bhaskar

फायरिंग के बाद हमलावर तेजी से बाहर निकले और स्कॉर्पियो में सवार होकर फरार हो गए। गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी भाग चुके थे।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के CCTV फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। फिलहाल हत्या के पीछे के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है।

इस वारदात ने इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।